BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

प्रेमी युगल की मौत पर उठे सवाल, भाजपा नेता कमलेश मंडल ने की उच्चस्तरीय जांच की मांग



प्रथम दृष्टया ऑनर किलिंग की आशंका जताई, तकनीकी साक्ष्यों और कॉल डिटेल्स की जांच पर दिया जोर
जामताड़ा से उदय किशोर सिंह की रिपोर्ट।
जामताड़ा। करमाटांड़ थाना क्षेत्र अंतर्गत करमाटांड़-मदनकट्टा रेलखंड पर पोल संख्या 271/4-5 के समीप रेलवे ट्रैक पर प्रेमी युगल के शव मिलने के मामले ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। इस घटना को लेकर भाजपा के जामताड़ा जिला महामंत्री कमलेश मंडल ने उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच की मांग की है। उन्होंने घटना की परिस्थितियों पर सवाल उठाते हुए प्रथम दृष्टया इसे ऑनर किलिंग की आशंका से जुड़ा मामला बताया है।
कमलेश मंडल ने कहा कि जिस परिस्थिति में प्रेमी युगल के शव रेलवे ट्रैक पर मिले हैं, उसे देखते हुए घटना की हर पहलू से गहन जांच आवश्यक है। उन्होंने कहा कि प्रथम दृष्टया यह मामला आत्महत्या के बजाय किसी अन्य आपराधिक साजिश की आशंका पैदा करता है। हालांकि, घटना की वास्तविक सच्चाई निष्पक्ष जांच के बाद ही सामने आ सकेगी।
उन्होंने कहा कि यदि यह मामला हत्या से जुड़ा है, तो यह केवल दो जिंदगियों के खत्म होने का मामला नहीं, बल्कि व्यक्तिगत स्वतंत्रता, मानवीय संवेदनाओं और समाज की नैतिकता पर भी गंभीर सवाल खड़ा करता है। ऐसे मामलों में सच्चाई सामने लाना और दोषियों को कानून के कटघरे तक पहुंचाना पुलिस प्रशासन की प्राथमिकता होनी चाहिए।
भाजपा नेता ने जामताड़ा पुलिस प्रशासन से मांग की कि मामले की जांच वैज्ञानिक एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर की जाए। इसके तहत कॉल डिटेल्स, घटनाक्रम से जुड़े तथ्यों तथा अन्य महत्वपूर्ण पहलुओं की बारीकी से पड़ताल की जाए, ताकि घटना के पीछे की वास्तविक वजह का पता चल सके। उन्होंने कहा कि जांच में किसी भी संभावित पहलू को नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए और यदि किसी की संलिप्तता सामने आती है, तो उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जानी चाहिए।
कमलेश मंडल ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी इस कठिन परिस्थिति में पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाने के लिए पार्टी हरसंभव प्रयास करेगी। उन्होंने प्रशासन से मामले की गंभीरता को देखते हुए शीघ्र, निष्पक्ष और पारदर्शी जांच पूरी करने की मांग की, ताकि घटना को लेकर उठ रहे सवालों का जवाब मिल सके और सच्चाई सबके सामने आ सके।