BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिवस से एक माह तक चलेगा सेवा संकल्प अभियान


भाजपा की जिला कार्यशाला में सेवा कार्यक्रमों की बनी रूपरेखा
उदय किशोर सिंह,
जामताड़ा। भारतीय जनता पार्टी जामताड़ा जिला सेवा संकल्प अभियान को लेकर सोमवार को बुद्धूडीह स्थित जिला कार्यालय में जिला स्तरीय कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष सुमित शरण ने की। कार्यक्रम में प्रदेश मंत्री दिलीप वर्मा एवं जिला प्रभारी प्रदीप साहू मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
प्रदेश मंत्री दिलीप वर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस 17 सितंबर से 18 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान चलाया जाएगा। अभियान के तहत बूथ से लेकर जिला, प्रदेश और केंद्रीय स्तर तक विभिन्न जनसेवा कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में लगातार 25 वर्षों तक देश की सेवा की है। उनके दीर्घायु एवं स्वस्थ जीवन की कामना को लेकर मंदिरों में दीप प्रज्वलन सहित कई कार्यक्रम होंगे।
उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान रक्तदान शिविर, मरीजों के बीच फल वितरण, विकसित भारत विषय पर रंगोली प्रतियोगिता, आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों के साथ कार्यक्रम, मोटरसाइकिल यात्रा समेत कई गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
जिलाध्यक्ष सुमित शरण ने कहा कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के निर्देशानुसार प्रधानमंत्री के जन्मदिवस से एक माह तक सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से जनसेवा के कार्यक्रम किए जाएंगे। इसी उद्देश्य से जिला स्तरीय कार्यशाला आयोजित की गई है।
जिला प्रभारी प्रदीप साहू ने कहा कि कार्यकर्ताओं में उत्साह को देखकर स्पष्ट है कि इस बार प्रधानमंत्री के जन्मदिवस पर सेवा कार्यक्रम भव्य रूप से आयोजित किए जाएंगे। बूथ से लेकर जिला स्तर तक कार्यकर्ता पूरी ऊर्जा के साथ अभियान में भाग लेंगे।
कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री कमलेश मंडल ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन एवं सह संचालन निमाई सेन ने किया। मौके पर पूर्व मंत्री सत्यानंद झा बाटुल, माधव चंद्र महतो, भाजयुमो प्रदेश महामंत्री मनीष दुबे, पूर्व जिलाध्यक्ष सुरेश राय, नगर पंचायत अध्यक्ष आशा गुप्ता, तरुण गुप्ता, कमल गुप्ता, जिला महामंत्री अभय सिंह, जिला उपाध्यक्ष मोहन शर्मा व दिलीप हेम्ब्रम सहित बड़ी संख्या में भाजपा नेता, मंडल अध्यक्ष एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।