BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

सेवा सेतु शिविर में सुनी गईं लाभार्थियों की समस्याएं,


जामताड़ा प्रखंड में भाजपा ने लगाया सहायता शिविर, आवास, आयुष्मान, पेंशन व आधार से जुड़े मामलों का समाधान कराने का प्रयास।
उदय किशोर सिंह,
जामताड़ा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस एवं सेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भाजपा द्वारा 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत मंगलवार को जामताड़ा प्रखंड में लाभार्थी सहायता शिविर का आयोजन किया गया। भाजपा जिलाध्यक्ष सुमित शरण के नेतृत्व में आयोजित शिविर में कार्यक्रम प्रभारी के रूप में भाजपा नेता तरुण गुप्ता उपस्थित रहे।
शिविर में प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान कार्ड, आधार कार्ड, पेंशन, वृद्धावस्था पेंशन सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं से जुड़ी समस्याओं को लेकर लाभार्थी पहुंचे। भाजपा नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने लाभार्थियों की समस्याएं सुनकर संबंधित पदाधिकारियों से संपर्क कर उनके समाधान का प्रयास किया।
भाजपा जिलाध्यक्ष सुमित शरण ने कहा कि भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के निर्देश तथा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी के मार्गदर्शन में आम लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रखंड स्तर पर सहायता शिविर लगाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जामताड़ा जिले के सभी छह प्रखंडों में 29 एवं 30 सितंबर को क्रमवार लाभार्थी सहायता शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ जरूरतमंदों तक पहुंचने में राज्य की व्यवस्था के कारण कई तरह की समस्याएं उत्पन्न हो रही हैं।
कार्यक्रम प्रभारी तरुण गुप्ता ने कहा कि भाजपा का उद्देश्य सेवा के माध्यम से जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं का समाधान कराना है। उन्होंने कहा कि सेवा सेतु कार्यक्रम के तहत वैसे लोगों की समस्याएं सुनी जा रही हैं, जिन्हें आधार कार्ड, आयुष्मान कार्ड, पेंशन और आवास जैसी योजनाओं का लाभ लेने में परेशानी हो रही है। शिविर में मौजूद कार्यकर्ताओं ने संबंधित अधिकारियों से बातचीत कर समस्याओं के निष्पादन का प्रयास किया।
उन्होंने राज्य की सरकारी व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि प्रखंड कार्यालयों में अधिकारियों एवं कर्मचारियों की अनुपलब्धता के कारण गरीब एवं जरूरतमंद लोगों को बार-बार कार्यालयों का चक्कर लगाना पड़ता है। इसी उद्देश्य से भाजपा द्वारा लाभार्थी सहायता शिविर लगाया गया है।
मौके पर जिला महामंत्री कमलेश मंडल, जिला उपाध्यक्ष सह कार्यक्रम प्रभारी सुकुमार सरखेल, मोहन शर्मा, नगर अध्यक्ष प्रदीप राउत, ग्रामीण मंडल अध्यक्ष निर्मल सोरेन, गिरधारी मंडल, लोकेश महतो, सुबोजीत मंडल, पिंटू गुप्ता, चंदन राउत, ब्रजेश राउत, प्रवीण मिश्रा, आकाश साव, विश्वजीत भंडारी, उदय मंडल, राकेश गुप्ता सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे।