SIR के विरोध में मंत्री आवास पहुंचीं हजारों महिलाएं, दस्तावेजों की परेशानी पर उठाए सवाल
जामताड़ा। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के दौरान पुराने दस्तावेज जुटाने में आ रही कठिनाइयों और मतदाता सूची से नाम कटने की आशंका के विरोध में शनिवार को हजारों महिलाएं स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी के आवास पहुंचीं। महिलाओं ने कहा कि गरीब परिवारों के सामने रोजी-रोटी कमाने और जरूरी दस्तावेज जुटाने की दोहरी चुनौती खड़ी हो गई है।
महिलाओं का कहना था कि पुराने कागजात उपलब्ध नहीं होने के कारण वे परेशान हैं। परिवार के कमाने वाले सदस्यों को भी काम छोड़कर दस्तावेजों की व्यवस्था करने की चिंता सता रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि गरीब अपने परिवार का पेट पाले या मतदाता सूची में नाम सुरक्षित रखने के लिए कागजात जुटाने के पीछे भटके। महिलाओं ने मांग की कि SIR प्रक्रिया के संबंध में स्पष्ट जानकारी और दस्तावेज संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए व्यावहारिक सहायता उपलब्ध कराई जाए, ताकि कोई योग्य मतदाता अपने अधिकार से वंचित न रहे।
स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने SIR प्रक्रिया को लेकर भाजपा और चुनाव आयोग की भूमिका पर सवाल उठाते हुए पारदर्शिता, जवाबदेही और योग्य मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा की मांग की। उन्होंने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार की भूमिका पर भी सवाल उठाए।
मंत्री ने दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रस्तावित SIR विरोध प्रदर्शन में शामिल होने जा रहे झारखंड के युवाओं की सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि शांतिपूर्ण विरोध लोकतांत्रिक अधिकार है और प्रदर्शनकारियों की सुरक्षा सुनिश्चित होनी चाहिए।
मौके पर प्रभु मंडल, विजय दुबे,नंदकिशोर सिंह, जय प्रकाश मंडल,सुभाष सिंह, मुश्ताक अंसारी सहित कई लोग उपस्थित थे।






