0.4% MDR के विरोध में गांधी जयंती पर व्यापारियों का सामूहिक उपवास,
जामताड़ा चैंबर का बड़ा फैसला, 2 अक्टूबर को सुबह 11 से 12 बजे तक गांधी प्रतिमा के समक्ष होगा प्रदर्शन।
उदय किशोर सिंह,
जामताड़ा। डिजिटल लेनदेन पर प्रस्तावित 0.4 प्रतिशत मर्चेंट डिस्काउंट रेट (MDR) के विरोध में जामताड़ा जिला चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज ने गांधीवादी तरीके से आंदोलन का निर्णय लिया है। चैंबर अध्यक्ष संजय अग्रवाल ने बताया कि आगामी 2 अक्टूबर, गांधी जयंती के अवसर पर जिले के व्यापारी राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा के समक्ष माल्यार्पण के बाद एक घंटे का सामूहिक उपवास करेंगे।
चैंबर के अनुसार, कार्यक्रम सुबह 11 बजे से दोपहर 12 बजे तक आयोजित किया जाएगा। अध्यक्ष संजय अग्रवाल ने कहा कि एक ओर डिजिटल इंडिया और कैशलेस अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देने की बात कही जा रही है, वहीं दूसरी ओर 0.4 प्रतिशत MDR शुल्क से छोटे और मध्यम व्यापारियों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ेगा।
उन्होंने कहा कि चैंबर इस शुल्क का विरोध शांतिपूर्ण और गांधीवादी तरीके से करेगा। गांधी जयंती के अवसर पर सत्याग्रह और उपवास के माध्यम से सरकार तक व्यापारियों की मांग पहुंचाई जाएगी।
चैंबर ने जिले के छोटे-बड़े दुकानदारों, खुदरा एवं थोक विक्रेताओं तथा उद्योग से जुड़े व्यापारियों से अधिक से अधिक संख्या में सामूहिक उपवास में शामिल होने की अपील की है। चैंबर ने चेतावनी दी कि यदि 0.4 प्रतिशत MDR शुल्क वापस नहीं लिया गया तो आने वाले दिनों में जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर आंदोलन को विस्तार दिया जाएगा।
चैंबर ने यह भी बताया कि देश के विभिन्न व्यापारिक संगठनों की ओर से गांधी जयंती पर ‘नो यूपीआई डे’ मनाने और डिजिटल लेनदेन के संबंध में विरोध दर्ज कराने की अपील की गई है।


.png)



