लोहरदगा में खूनी सनक! पत्नी और पिता की हत्या, मासूम जिंदगी से जंग
लोहरदगा :लोहरदगा जिले के भंडरा थाना क्षेत्र में सोमवार तड़के पारिवारिक विवाद खूनी वारदात में बदल गया। एक युवक ने अपनी पत्नी और पिता की बेरहमी से हत्या कर दी, जबकि उसकी तीन वर्षीय मासूम बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी संदीप उरांव (35 वर्ष) ने पहले घर में अपनी पत्नी सुजाता उरांव (30 वर्ष) पर जानलेवा हमला किया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद वह खेत में काम कर रहे अपने पिता सुरेंद्र उरांव उर्फ कुरा (55 वर्ष) को बुलाकर ले आया और उन पर भी हमला कर मौत के घाट उतार दिया।
हमले में आरोपी की तीन वर्षीय बेटी भी गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना सुबह करीब 5 बजे की बताई जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आपसी कलह को घटना का कारण माना जा रहा है।घटना की सूचना मिलते ही भंडरा थाना प्रभारी मनोज कुमार गुप्ता पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने मानवता का परिचय देते हुए घायल बच्ची को अपनी गोद में उठाकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भंडरा पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद बच्ची की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे रिम्स रेफर कर दिया गया।पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी संदीप उरांव को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की जांच जारी है।





