BREAKING NEWS

logo

पांकी में 66 वर्षीय बुजुर्ग की हत्या, गांव में दहशत; दोषियों की गिरफ्तारी की मांग


मेदिनीनगर: पलामू जिले के पांकी प्रखंड अंतर्गत करार पंचायत के नादागाड़ गांव में 66 वर्षीय धनराज भुइयां की अज्ञात अपराधियों द्वारा हत्या किए जाने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए और प्रशासन को सूचना दी गई।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस हत्या के कारणों और इसमें शामिल अपराधियों की पहचान को लेकर विभिन्न पहलुओं पर छानबीन कर रही है।
घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं जिला परिषद सदस्य खुशबू कुमारी ने घटनास्थल पहुंचकर शोक संतप्त परिवार से मुलाकात की तथा गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की।
ग्रामीणों ने भी घटना पर गहरा दुख जताते हुए पुलिस से त्वरित कार्रवाई की मांग की है। इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक और भय का माहौल व्याप्त है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।