BREAKING NEWS

logo

मतदाता सूची पुनरीक्षण को लेकर प्रशासन अलर्ट, तैयारियों की हुई समीक्षा


मेदिनीनगर: विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम (एसआईआर)-2026 को सफलतापूर्वक संचालित करने के उद्देश्य से शुक्रवार को मेदिनीनगर टाउन हॉल में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने की।
बैठक में जिले के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों के निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी, सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी, बीएलओ सुपरवाइजर एवं अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान मतदाता सूची को शुद्ध एवं अद्यतन बनाने के लिए किए जाने वाले कार्यों की विस्तार से समीक्षा की गई।
उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुरूप सभी तैयारियां समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से पूरी करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए मतदाता सूची का त्रुटिरहित होना आवश्यक है। इसलिए यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी पात्र मतदाता सूची से वंचित न रहे और कोई अपात्र व्यक्ति सूची में शामिल न हो।
बैठक में मतदाताओं के सत्यापन, डेटा मिलान, विलोपन प्रक्रिया, प्रपत्रों के संग्रहण एवं निष्पादन, मतदान केंद्रों के भौतिक सत्यापन तथा अन्य आवश्यक कार्यों पर चर्चा की गई। संबंधित अधिकारियों को सभी कार्य गंभीरता एवं सतर्कता के साथ संपन्न करने का निर्देश दिया गया।
प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्धारित कार्यक्रम के तहत 20 जून 2026 से जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों में विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान शुरू किया जाएगा। इस अभियान के माध्यम से मतदाता सूची को और अधिक सटीक एवं अद्यतन बनाया जाएगा।