BREAKING NEWS

logo

बिजली सुदृढ़ीकरण कार्य में अनियमितता का आरोप, जांच की मांग


पलामू: पाटन प्रखंड अंतर्गत सेमरी पंचायत के किसैनी गांव में चल रहे बिजली सुदृढ़ीकरण कार्य को लेकर ग्रामीणों ने अनियमितता का आरोप लगाया है। जिला परिषद सदस्य संग्राम सिंह ने कहा कि एनसीसी  एवं मुजी एजेंसी द्वारा कराए जा रहे कार्यों में सरकारी मानकों का पालन नहीं किया जा रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार बिजली पोल निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं लगाए जा रहे हैं। कई स्थानों पर पोलों के बीच अत्यधिक दूरी रखी गई है, जबकि पोलों की मजबूती के लिए आवश्यक कंक्रीट ढलाई भी नहीं की जा रही है। इससे भविष्य में दुर्घटना की आशंका बनी हुई है।
ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि जिन टोलों में अब तक बिजली की सुविधा नहीं पहुंची है, वहां नए पोल और लाइन विस्तार का कार्य नहीं किया जा रहा है। कई जगह पोल लगाए जाने के बावजूद उन पर अब तक केबल नहीं डाली गई है, जिससे कार्य अधूरा पड़ा हुआ है।
संग्राम सिंह ने कहा कि बड़ी कंपनी को कार्य आवंटित किए जाने के बावजूद स्थानीय स्तर पर बिचौलियों के माध्यम से काम कराया जा रहा है, जिससे कार्य की गुणवत्ता और गति दोनों प्रभावित हो रही हैं। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जानी चाहिए तथा दोषी पाए जाने वालों पर कार्रवाई होनी चाहिए।
उन्होंने मुख्य अभियंता एवं महाप्रबंधक, विद्युत वितरण जोन पलामू तथा अधीक्षण अभियंता, विद्युत अंचल मेदिनीनगर से मामले का संज्ञान लेकर जांच कराने की मांग की है। साथ ही विभागीय मंत्री एवं सचिव को भी लिखित शिकायत भेजने की बात कही है।
ग्रामीणों ने मांग की है कि बिजली सुदृढ़ीकरण कार्य को निर्धारित मानकों के अनुरूप पूरा कराया जाए ताकि क्षेत्र के लोगों को सुरक्षित एवं बेहतर विद्युत सुविधा मिल सके।