महिला से दुर्व्यवहार व मारपीट का आरोप, नौडीहा बाजार थाना प्रभारी ने आरोपों से किया इनकार
मो. सफी
पलामू: नौडीहा बाजार थाना क्षेत्र के बारा गांव में जमीनी विवाद को लेकर थाना प्रभारी पर महिला एवं उसके परिजनों के साथ दुर्व्यवहार और मारपीट करने का आरोप लगाया गया है। पीड़ित परिवार ने मामले की शिकायत पलामू पुलिस अधीक्षक से करने की बात कही है।
परिवार के सदस्य मनीष कुमार सिंह ने आरोप लगाया कि 11 जून की शाम नौडीहा बाजार थाना प्रभारी नीरज कुमार उनके घर पहुंचे। उस समय घर के अधिकांश पुरुष सदस्य मजदूरी के सिलसिले में बाहर थे। आरोप है कि थाना प्रभारी ने जमीन विवाद के मामले में घर पहुंचकर महिलाओं और एक नाबालिग सदस्य के साथ दुर्व्यवहार किया तथा मारपीट की।
मनीष कुमार सिंह का कहना है कि उनके परिवार के अभिभावक घर पर नहीं रहते हैं, जिससे महिलाएं और बच्चे असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मामले को लेकर पुलिस अधीक्षक को शिकायत देकर जांच एवं कार्रवाई की मांग की जाएगी।
इधर, इस संबंध में नौडीहा बाजार थाना प्रभारी नीरज कुमार से संपर्क किए जाने पर उन्होंने मारपीट के आरोपों से इनकार किया। उनका कहना है कि सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा वीडियो घटना का पूरा हिस्सा नहीं दिखाता है, बल्कि उसे काट-छांट कर प्रस्तुत किया गया है। थाना प्रभारी नीरज कुमार ने कहा कि वायरल वीडियो के आधार पर पूरी घटना का सही आकलन नहीं किया जा सकता।
गौरतलब है कि घटना से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। हालांकि, वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है। मामले को लेकर स्थानीय लोगों के बीच चर्चा बनी हुई है।





