पलामू: विश्व साइकिल दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार करने के लिए पलामू जिला साइकिलिंग एसोसिएशन की एक महत्वपूर्ण बैठक 31 मई 2026 (रविवार) को शाम 5 बजे होटल रामदा में आयोजित की जाएगी। बैठक की अध्यक्षता भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के अधिकारी संजय रंजन सिंह करेंगे।
एसोसिएशन के उपाध्यक्ष मनोहर कुमार लाली ने बताया कि विश्व साइकिल दिवस प्रतिवर्ष 3 जून को मनाया जाता है। लेकिन विद्यालयों में ग्रीष्मकालीन अवकाश रहने के कारण स्कूली बच्चों की सहभागिता सुनिश्चित करने हेतु साइकिलिंग कार्यक्रम 14 जून को आयोजित करने की योजना बनाई गई है।
बैठक का मुख्य उद्देश्य कार्यक्रम की विस्तृत रूपरेखा तैयार करना तथा इसे सफल बनाने के लिए सुझाव प्राप्त करना है। इसके लिए शहर के गणमान्य नागरिकों, खेल प्रेमियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और एसोसिएशन के सभी सदस्यों को आमंत्रित किया गया है। उन्होंने सभी से बैठक में शामिल होकर अपने विचार एवं सुझाव देने की अपील की है।
मनोहर कुमार लाली ने बताया कि संयुक्त राष्ट्र महासभा ने वर्ष 2018 में 3 जून को विश्व साइकिल दिवस के रूप में मनाने की घोषणा की थी। इस दिवस का उद्देश्य लोगों को स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण और सस्ते, सरल तथा टिकाऊ यातायात के साधन के रूप में साइकिल के उपयोग के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने कहा कि इस आयोजन को सफल बनाने में समाज के सभी वर्गों की सहभागिता आवश्यक है।






