पलामू: जिले के ऊंटारी रोड थाना क्षेत्र के लुम्बा-सतबहिनी पंचायत अंतर्गत नवगढ़ गांव में बुधवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब दो दिनों से लापता 15 वर्षीय युवती का शव घर के पास स्थित कुएं में तैरता मिला। मृतका की पहचान गांव निवासी शिव कुमार पासवान की पुत्री रामा कुमारी के रूप में हुई है। शव मिलने के बाद गांव में मातम का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, रामा कुमारी 14 सितंबर की रात अपने घर से लापता हो गई थी। परिजनों ने काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद युवती के पिता शिव कुमार पासवान ने ऊंटारी रोड थाना में उसके लापता होने की सूचना देते हुए आवेदन दिया था। आवेदन में उन्होंने बताया था कि उनकी बेटी की शेखडीहा गांव निवासी बबन राम के पुत्र से बातचीत होती थी। परिजनों ने आशंका जताई थी कि युवती उक्त युवक के साथ कहीं चली गई होगी।
बुधवार सुबह घर के समीप स्थित कुएं में युवती का शव तैरता देख ग्रामीणों ने इसकी सूचना परिजनों और पुलिस को दी। सूचना मिलते ही ऊंटारी रोड थाना पुलिस मौके पर पहुंची। ग्रामीणों की मदद से शव को कुएं से बाहर निकलवाया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए मेदिनीनगर भेज दिया।
घटना के बाद मृतका के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं गांव में मातम और शोक का माहौल है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। युवती की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा। पुलिस घटना से जुड़े सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।







