BREAKING NEWS

logo

बस भाड़ा में वृद्धि जनता के ऊपर अतिरिक्त बोझ :भाकपा


पलामू :भाकपा के जिला सचिव सह पूर्व विधानसभा प्रत्याशी रुचिर कुमार तिवारी, वरिष्ठ नेता सूर्यपत सिंह एवं कृष्ण मुरारी दुबे ने संयुक्त प्रेस विज्ञप्ति जारी कर पलामू जिला ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन द्वारा बस किराए में की गई 15 से 20 प्रतिशत वृद्धि का विरोध किया है। साथ ही उन्होंने इस संबंध में पलामू उपायुक्त को पत्र लिखकर हस्तक्षेप की मांग की है।
श्री तिवारी ने कहा कि पलामू जिला ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन द्वारा बस किराए में की गई 15 से 20 प्रतिशत की वृद्धि आम जनता पर जबरन थोपी गई है। उन्होंने कहा कि पश्चिम एशिया में चल रहे युद्ध और अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों के कारण ईंधन की कीमतों पर प्रभाव पड़ा है, जिसका असर आम जनता भी झेल रही है। लेकिन इसके बावजूद अचानक बस किराए में 15 से 20 प्रतिशत की वृद्धि करना उचित नहीं है।
उन्होंने कहा कि पूर्व में भी कई बार परिवहन संगठनों द्वारा बस किराए में बेतहाशा वृद्धि की गई है, जिससे आम लोगों को आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ा है। श्री तिवारी ने कहा कि यदि डीजल और पेट्रोल की कीमतों में वृद्धि हुई है, तो उसे ध्यान में रखते हुए किराए में सीमित और व्यावहारिक वृद्धि की जा सकती है। उनके अनुसार, अधिकतम 7 से 10 प्रतिशत तक की वृद्धि पर विचार किया जाना चाहिए, ताकि परिवहन संचालकों और आम जनता दोनों के हितों में संतुलन बना रहे।
उन्होंने कहा कि बस एवं अन्य सार्वजनिक परिवहन सेवाओं का उपयोग मुख्य रूप से गरीब, मजदूर, किसान, छात्र एवं निम्न एवं मध्यम आय वर्ग के लोग करते हैं। ऐसे में अत्यधिक किराया वृद्धि उनके ऊपर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डालने का काम करेगी।
भाकपा नेताओं ने पलामू उपायुक्त से बस किराए में की गई वृद्धि की समीक्षा कराने तथा आम जनता के हित में आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।