सिलेंडर के दाम बढ़ाकर केंद्र सरकार ने जनता की रसोई पर डाला बोझ : बिट्टू पाठक
मेदिनीनगर: घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडर की कीमत में ₹29 की बढ़ोतरी को लेकर कांग्रेस नेता एवं झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के राज्य सचिव जैश रंजन पाठक उर्फ बिट्टू पाठक ने केंद्र सरकार की आलोचना की है। उन्होंने कहा कि गैस सिलेंडर के दाम में लगातार हो रही वृद्धि से गरीब, मध्यमवर्गीय और गृहिणी वर्ग सबसे अधिक प्रभावित हो रहा है।
जारी प्रेस विज्ञप्ति में पाठक ने कहा कि 7 जून से घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत में ₹29 की बढ़ोतरी लागू की गई है। उनका दावा है कि पिछले तीन महीनों में सिलेंडर के दाम में कुल मिलाकर करीब ₹89 की वृद्धि हुई है, जिससे आम लोगों के घरेलू बजट पर अतिरिक्त बोझ पड़ा है।
उन्होंने कहा कि महंगाई लगातार बढ़ रही है और आवश्यक वस्तुओं के दाम आम लोगों की पहुंच से बाहर होते जा रहे हैं। गैस सिलेंडर, पेट्रोल और डीजल की बढ़ती कीमतों का असर सीधे आम जनता के जीवन पर पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार अपनी नीतिगत विफलताओं का भार जनता पर डाल रही है।
बिट्टू पाठक ने कहा कि यदि इसी तरह कीमतों में वृद्धि जारी रही तो घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत जल्द ही एक हजार रुपये के आंकड़े को पार कर सकती है। उन्होंने केंद्र सरकार से बढ़ी हुई कीमतों को वापस लेने और उपभोक्ताओं को राहत देने की मांग की।
साथ ही उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी बढ़ती महंगाई और जनहित से जुड़े मुद्दों को लेकर जनता की आवाज उठाती रहेगी तथा आवश्यक होने पर आंदोलन भी करेगी।





