BREAKING NEWS

logo

किछौछा शरीफ से लौट रहे श्रद्धालुओं की कार दुर्घटनाग्रस्त, डाल्टनगंज के चार लोगों की मौत


मेदिनीनगर:  किछौछा शरीफ से जियारत कर लौट रहे श्रद्धालुओं की कार उत्तर प्रदेश के देवगांव थाना क्षेत्र में भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गई। दुर्घटना में डाल्टनगंज के चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही शहर में शोक की लहर दौड़ गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतकों में छोटी मस्जिद के सामने स्थित किताब घर के संचालक हाजी हाफिज़ रज्जाक, जनता मेडिकल से जुड़े कैश अहमद, सब्जी मंडी के व्यवसायी शोहराब राईन तथा वाहन चालक शामिल हैं। सभी लोग किछौछा शरीफ से जियारत कर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान उत्तर प्रदेश के कोतवाली देवगांव क्षेत्र के पास उनकी कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम एवं अन्य कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।
घटना की खबर जैसे ही डाल्टनगंज पहुंची, मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया। शहर के विभिन्न सामाजिक, धार्मिक एवं व्यावसायिक संगठनों ने हादसे पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए मृतकों की मगफिरत और शोकाकुल परिजनों को सब्र प्रदान करने की दुआ की है।
पुलिस के अनुसार दुर्घटना के कारणों की जांच जारी है। मामले में विस्तृत जानकारी की प्रतीक्षा की जा रही है।