झारखंड के राज्यपाल से मिले छतरपुर नगर पंचायत अध्यक्ष अरविंद गुप्ता
छतरपुर (पलामू): छतरपुर नगर पंचायत के अध्यक्ष अरविंद गुप्ता उर्फ चुनमुन ने रांची स्थित लोकभवन में झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान नगर अध्यक्ष ने राज्यपाल को अंगवस्त्र एवं गुलदस्ता भेंट कर सम्मानित किया तथा छतरपुर नगर पंचायत के विकास एवं जनसमस्याओं से संबंधित मांगों को लेकर स्मार पत्र सौंपा।
मुलाकात के दौरान नगर अध्यक्ष अरविंद गुप्ता ने छतरपुर को जिला बनाए जाने की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि पलामू से अलग कर छतरपुर को जिला का दर्जा दिए जाने से क्षेत्र का चौमुखी विकास संभव हो सकेगा। उन्होंने बताया कि छतरपुर भौगोलिक, प्रशासनिक एवं जनसंख्या की दृष्टि से जिला बनने की सभी आवश्यकताओं को पूरा करता है। जिला बनने से लोगों को प्रशासनिक सुविधाएं आसानी से उपलब्ध होंगी तथा शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, रोजगार और व्यापार के क्षेत्र में तेजी से विकास होगा।
इसके अलावा नगर अध्यक्ष ने नगर पंचायत क्षेत्र के समग्र विकास के लिए विशेष फंड उपलब्ध कराने की भी मांग की। उन्होंने कहा कि नगर क्षेत्र में पेयजल, सड़क, विद्युत, सफाई व्यवस्था एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए अतिरिक्त वित्तीय सहायता की आवश्यकता है।
नगर अध्यक्ष ने राज्यपाल को नगर क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं से भी अवगत कराया। राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने उनकी बातों को गंभीरता से सुनते हुए सकारात्मक पहल का भरोसा दिलाया।





