BREAKING NEWS

logo

विभागीय परीक्षा की तैयारियों का आयुक्त ने लिया जायजा, केंद्र पर सुविधाएं दुरुस्त रखने का निर्देश


मेदिनीनगर: आगामी 14 जून को आयोजित होने वाली विभागीय परीक्षा को लेकर पलामू प्रमंडलीय आयुक्त कुमुद सहाय ने शुक्रवार को गिरिवर +2 हाई स्कूल स्थित परीक्षा केंद्र का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने केंद्र पर उपलब्ध व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
आयुक्त ने परीक्षा संचालन को पारदर्शी, शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न कराने पर विशेष बल दिया। उन्होंने विद्यालय परिसर में स्वच्छता, पेयजल, शौचालय, बिजली, सीसीटीवी, मेडिकल किट तथा परीक्षार्थियों के बैठने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही परीक्षा कक्षों में पर्याप्त रोशनी एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने को कहा।
निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी तैयारियां समय से पूरी कर ली जाएं। उन्होंने परीक्षार्थियों के लिए चाय और बिस्किट की व्यवस्था करने का भी निर्देश दिया।
आयुक्त ने केंद्र पर सुरक्षा एवं अनुशासन बनाए रखने, परीक्षा संबंधी सभी मानकों का सख्ती से पालन कराने तथा विद्यालय प्रबंधन एवं प्रशासनिक अधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि सभी विभाग आपसी सहयोग से कार्य करें ताकि परीक्षा का आयोजन सफलतापूर्वक एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।