दहेड़िया सड़क हादसे के पीड़ित परिवारों से मिले दीपक प्रताप देव, दी आर्थिक सहायता और बंधाया ढांढस
श्री बंशीधर नगर (गढ़वा) : भवनाथपुर विधानसभा क्षेत्र के श्री बंशीधर नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत दहेड़िया में हाल ही में हुई भीषण सड़क दुर्घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है। हादसे में तीन लोगों की दर्दनाक मौत के बाद मृतकों के गांवों में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं दुर्घटना में घायल लोग अब भी उस भयावह मंजर को याद कर सिहर उठ रहे हैं।
इसी बीच क्षेत्र के युवा समाजसेवी एवं भोजपुर गढ़ प्रमुख दीपक प्रताप देव सोमवार की रात केतार प्रखंड के छाताकुंड गांव पहुंचे। यहां उन्होंने हादसे में मृत अवधेश उरांव और अजय उरांव के परिजनों से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की। पीड़ित परिवारों के बीच पहुंचकर उन्होंने परिजनों को ढांढस बंधाया और दुख की इस घड़ी में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
परिजनों के चीत्कार और गांव में पसरे गमगीन माहौल को देखकर वहां मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं। दीपक प्रताप देव ने मृतकों के श्राद्धकर्म के लिये आर्थिक सहयोग प्रदान किया तथा सरकारी स्तर पर मिलने वाली हरसंभव सहायता दिलाने का आश्वासन दिया।
इसके बाद उन्होंने सड़क हादसे में घायल टिकूं उरांव, कमलेश यादव एवं राजेश सिंह चेरो के परिजनों से भी मुलाकात की। उन्होंने घायलों के बेहतर इलाज के लिये आर्थिक मदद देते हुये कहा कि उपचार में किसी प्रकार की कमी नहीं आने दी जायेगी। साथ ही चिकित्सकों और संबंधित लोगों को घायलों के समुचित इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश भी दिया।
दीपक प्रताप देव ने कहा कि दुख की इस घड़ी में पूरा क्षेत्र पीड़ित परिवारों के साथ खड़ा है। उन्होंने लोगों से भी पीड़ित परिवारों की सहायता के लिये आगे आने की अपील की। स्थानीय लोगों ने दीपक प्रताप देव की इस मानवीय पहल की सराहना करते हुये कहा कि ऐसे कठिन समय में पीड़ित परिवारों के बीच पहुंचकर उनका हौसला बढ़ाना समाज के लिये प्रेरणादायक कार्य है। मौके पर बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे।





