बेहतर कार्यप्रणाली से विकास योजनाओं को मिलेगी गति : आयुक्त कुमूद सहाय
पलामू: प्रमंडल की आयुक्त कुमूद सहाय ने शनिवार को बंशीधर नगर अनुमंडलीय अस्पताल एवं रमना प्रखंड कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं, स्वच्छता, कर्मियों की उपस्थिति एवं प्रशासनिक व्यवस्था में कई कमियां सामने आने पर उन्होंने नाराजगी जताई और संबंधित अधिकारियों को तत्काल सुधार के निर्देश दिए।
अनुमंडलीय अस्पताल में कई चिकित्सक एवं स्वास्थ्यकर्मी अनुपस्थित पाए गए। मरीजों की भीड़ के बावजूद केवल एक चिकित्सक मौजूद थे। निरीक्षण के दौरान तेज बुखार से पीड़ित एक बच्चे का समय पर उपचार नहीं होने पर आयुक्त ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने कहा कि मरीजों को समय पर गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवा उपलब्ध कराना अस्पताल की प्राथमिक जिम्मेदारी है और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
अस्पताल परिसर एवं शौचालयों में गंदगी मिलने पर आयुक्त ने नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही दवाओं की उपलब्धता, चिकित्सकों की नियमित उपस्थिति, भर्ती मरीजों की निगरानी एवं आपातकालीन सेवाओं को सुदृढ़ करने पर बल दिया।
रमना प्रखंड कार्यालय के निरीक्षण के दौरान उपस्थिति पंजी एवं विभिन्न अभिलेखों की जांच में कई कर्मियों की उपस्थिति असंतोषजनक पाई गई। इस पर आयुक्त ने सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि सरकारी कार्यालयों में समयपालन और अनुशासन से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने निरीक्षण के दिन अनुपस्थित पाए गए कर्मियों का वेतन स्थगित करने का निर्देश दिया।
आयुक्त ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान करने तथा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पहुंचाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि बेहतर कार्यप्रणाली, जवाबदेही और अनुशासन से ही विकास योजनाओं को गति मिलेगी तथा जनता को बेहतर सेवाएं मिल सकेंगी।





