हरिहरगंज पुलिस ने दो अवैध देशी कट्टा के साथ युवक को किया गिरफ्तार
पलामू : हरिहरगंज थाना क्षेत्र के सरसोत गांव में पुलिस ने अवैध हथियार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार युवक की निशानदेही पर दो अवैध देशी कट्टा बरामद किए गए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 11 जून को पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एक युवक के पास अवैध हथियार हैं। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस अधीक्षक पलामू के निर्देश पर एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। टीम ने कार्रवाई करते हुए सरसोत निवासी अभय कुमार उर्फ अभय राज उर्फ लड्डू (19 वर्ष), पिता उपेन्द्र साव को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार युवक की निशानदेही पर दो अलग-अलग स्थानों से दो देशी कट्टा बरामद किए गए। बरामदगी के बाद हरिहरगंज थाना कांड संख्या 105/2026 दर्ज करते हुए आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-B)ए एवं 26 के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले में एक अज्ञात व्यक्ति को भी आरोपी बनाया गया है।
गिरफ्तार अभियुक्त को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेजने की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है तथा यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि अवैध हथियार उसे कहां से प्राप्त हुए थे और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं।
छापामारी दल में पुलिस अवर निरीक्षक कुमार सौरभ, सहायक अवर निरीक्षक धर्मेन्द्र कुमार सिंह, हवलदार हेमन्त भेंगरा सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।





