बकरीद के अवसर पर निकाला गया हुसैनी जुलूस, कई लोगों को किया गया सम्मानित
पलामू: जिले मेदिनीनगर में बकरीद के अवसर पर मुहर्रम इंतजामिया कमिटी एवं विभिन्न कमिटियों के सहयोग से निकाले जाने वाले पारंपरिक हुसैनी जुलूस के तहत इस्लामिया नव जवान कमिटी, धोबी मोहल्ला द्वारा शनिवार को भव्य जुलूस निकाला गया। स्थानीय लोगों के अनुसार बकरीद के दिन हुसैनी जुलूस निकालने की परंपरा वर्षों पुरानी है और इसी के साथ मुहर्रम की तैयारियों एवं गतिविधियों का आगाज माना जाता है।
जुलूस में बड़ी संख्या में युवाओं और स्थानीय लोगों ने भाग लिया। जुलूस शहर के विभिन्न मार्गों से होकर गुजरा, जहां जगह-जगह लोगों ने स्वागत किया। इस दौरान सामाजिक सद्भाव और आपसी भाईचारे का संदेश भी दिया गया।
कार्यक्रम के दौरान कई गणमान्य लोगों को पगड़ी पहनाकर सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में वार्ड संख्या 30 के पार्षद रविंद्र कुमार, कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष नसीम खान तथा जूता व्यवसायी लड्डू खान शामिल थे। सम्मान समारोह का नेतृत्व धोबी मोहल्ला के सरपरस्त एवं उस्ताद के रूप में प्रसिद्ध अन्नू हवारी ने किया।
कमिटी के सदस्यों ने बताया कि हुसैनी जुलूस की यह परंपरा समाज में एकता, भाईचारे और हजरत इमाम हुसैन की शिक्षाओं को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम है। कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ।





