पलामू में बॉक्सिंग को बढ़ावा देने पर बिट्टू पाठक और सूर्या सिंह की हुई महत्वपूर्ण मुलाकात
पलामू: जिला बॉक्सिंग एसोसिएशन के जिला अध्यक्ष जैश रंजन पाठक उर्फ बिट्टू पाठक ने हुसैनाबाद विधानसभा क्षेत्र के युवा नेता सूर्या सिंह से मुलाकात की। इस दौरान पलामू जिले में बॉक्सिंग खेल के विकास, विस्तार और ग्रामीण क्षेत्रों में छिपी खेल प्रतिभाओं को सामने लाने को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।
बैठक में ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों के प्रतिभावान युवाओं की पहचान कर उन्हें बेहतर प्रशिक्षण उपलब्ध कराने तथा राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करने पर जोर दिया गया। दोनों ने कहा कि पलामू में खेल प्रतिभाओं की कमी नहीं है, लेकिन संसाधनों और उचित अवसरों के अभाव में कई प्रतिभाएं आगे नहीं बढ़ पाती हैं।
बिट्टू पाठक ने कहा कि पलामू जिला बॉक्सिंग एसोसिएशन जिले के सभी प्रखंडों और पंचायतों तक बॉक्सिंग को पहुंचाने के लिए प्रयासरत है। आने वाले दिनों में विभिन्न क्षेत्रों में प्रशिक्षण शिविर और प्रतियोगिताएं आयोजित कर नए खिलाड़ियों को आगे आने का अवसर दिया जाएगा।
वहीं सूर्या सिंह ने पहल का स्वागत करते हुए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं को सकारात्मक दिशा देने के साथ उनमें अनुशासन, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का प्रभावी माध्यम है।
मुलाकात के दौरान दोनों ने पलामू में बॉक्सिंग को नई पहचान दिलाने, ग्रामीण प्रतिभाओं को उचित मंच देने और अधिक से अधिक युवाओं को खेल गतिविधियों से जोड़ने के लिए मिलकर काम करने का संकल्प लिया।






