10 साल से युवाओं को हुनर दे रहा इंटरनेशनल स्टैंडर्ड ट्रेनिंग सेंटर
वार्षिकोत्सव पर केक काटकर मनाया जश्न, 3500 से अधिक युवाओं को दिया तकनीकी प्रशिक्षण
पलामू :हरिहरगंज शहर के दुर्गा मंदिर परिसर स्थित इंटरनेशनल स्टैंडर्ड टेक्निकल ट्रेनिंग सेंटर का 10वां वार्षिकोत्सव मंगलवार को धूमधाम से मनाया गया। संस्था के संचालक मो. हेलाल आलम ने केक काटकर समारोह का शुभारंभ किया। इस दौरान सेंटर से जुड़े विद्यार्थियों और उपस्थित लोगों ने एक-दूसरे को वार्षिकोत्सव की शुभकामनाएं दीं।
संचालक मो. हेलाल आलम ने कहा कि संस्था पिछले 10 वर्षों से शिक्षित एवं बेरोजगार युवाओं को तकनीकी प्रशिक्षण देकर उन्हें रोजगार से जोड़ने का प्रयास कर रही है। अब तक सेंटर के माध्यम से 3500 से अधिक युवाओं को तकनीकी प्रशिक्षण दिया जा चुका है। इनमें अधिकांश युवाओं को प्लेसमेंट कैंप के माध्यम से देश-विदेश में रोजगार के अवसर मिले हैं।
उन्होंने कहा कि युवाओं को तकनीकी रूप से दक्ष बनाकर आत्मनिर्भर बनाना संस्था का मुख्य उद्देश्य है। रोजगार की बदलती जरूरतों के अनुरूप युवाओं को प्रशिक्षण देने का प्रयास लगातार जारी है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में भी अधिक से अधिक युवाओं को $तकनीकी शिक्षा से जोड़कर उन्हें रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में काम किया जाएगा।
समारोह में वाजूल मुस्तफा, नईम अंसारी, अब्दुल कयूम, बबलू आलम, अनवर आलम, नईम आलम, तसबर आलम, आरिफ, कौशल, प्रशांत कुमार, नीरज कुमार सहित सेंटर के विद्यार्थी एवं अन्य लोग मौजूद थे।






