स्व. अनिल चौरसिया की 14वीं पुण्यतिथि पर उमड़ा जनसैलाब, पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने दी श्रद्धांजलि
पलामू: जिले के चैनपुर प्रखंड अंतर्गत किन्नी गांव में सोमवार को डालटनगंज विधायक आलोक चौरसिया के पिता एवं समाजसेवी स्वर्गीय अनिल चौरसिया की 14वीं पुण्यतिथि श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर आयोजित श्रद्धांजलि सभा में झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए और स्व. चौरसिया की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम की शुरुआत पौधारोपण के साथ हुई। पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि स्वर्गीय अनिल चौरसिया ने अपना पूरा जीवन गरीबों, वंचितों और शोषित वर्गों की सेवा में समर्पित कर दिया। उनके जनकल्याणकारी कार्य आज भी लोगों के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
श्रद्धांजलि सभा में पलामू सांसद विष्णुदयाल राम, पांकी विधायक शशिभूषण मेहता, भाजपा प्रदेश महामंत्री मनोज सिंह, जिला अध्यक्ष अमित तिवारी, मेयर अरुणा शंकर, डिप्टी मेयर मनोज सिंह, पूर्व सांसद मनोज भुइयां, भाजपा नेता विनोद सिंह, पूर्व डिप्टी मेयर मंगल सिंह, जिला परिषद सदस्य राम लव चौरसिया, भीष्म चौरसिया, सिंटू चौरसिया सहित कई जनप्रतिनिधि और भाजपा के वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे।
मौके पर वक्ताओं ने स्वर्गीय अनिल चौरसिया के सामाजिक एवं राजनीतिक योगदान को याद करते हुए कहा कि वे हमेशा क्षेत्र की जनता के सुख-दुख में सहभागी बने रहे। दलितों, पिछड़ों और कमजोर वर्गों की आवाज बुलंद करने वाले स्व. चौरसिया को आज भी लोग “गरीबों का मसीहा” के रूप में याद करते हैं।
श्रद्धांजलि सभा में बड़ी संख्या में ग्रामीणों और समर्थकों की उपस्थिति रही। पूरा किन्नी गांव स्वर्गीय अनिल चौरसिया के स्मरण और उनके जनसेवा से जुड़े नारों से गूंजता रहा। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।





