छतरपुर में जन्मजात हृदय रोग जांच हेतु मेगा शिविर का शुभारंभ
छतरपुर (पलामू):
पलामू जिले में सिविल सर्जन एवं उपायुक्त के मार्गदर्शन में "नन्हा सा दिल" जन्मजात हृदय रोग उपचार कार्यक्रम के तहत बच्चों को निःशुल्क स्वास्थ्य जांच एवं उपचार की सुविधा प्रदान की जा रही है। यह कार्यक्रम राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, रांची, जिला प्रशासन पलामू, जिला स्वास्थ्य विभाग, आंगनबाड़ी एवं शिक्षा विभाग तथा सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल), रांची के कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) सहयोग से संचालित किया जा रहा है।
छतरपुर अनुमंडलीय स्वास्थ्य केंद्र में कार्यक्रम का शुभारंभ प्रभारी पदाधिकारी द्वारा हरी झंडी दिखाकर किया गया। इस अवसर पर चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. राजेश अग्रवाल, प्रखंड कार्यक्रम प्रबंधक अमित कुमार सिंह, राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (आरबीएसके) की टीम, श्री सत्य साई संजीवनी अस्पताल की विशेषज्ञ चिकित्सकीय टीम तथा अन्य स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित थे।
इस दौरान प्रभारी पदाधिकारी ने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम गरीब एवं पिछड़े क्षेत्रों के लिए नई उम्मीद लेकर आते हैं। उन्होंने कहा कि "नन्हा सा दिल" अभियान न केवल छोटे बच्चों को नया जीवन देने का कार्य कर रहा है, बल्कि उनके स्वस्थ एवं उज्ज्वल भविष्य की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने श्री सत्य साई संजीवनी संस्थान द्वारा किए जा रहे निःस्वार्थ सेवा कार्य की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे प्रयासों से स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक मजबूती मिलेगी तथा भविष्य में भी इस प्रकार के कार्यक्रमों को पूरा सहयोग दिया जाएगा।
कार्यक्रम के अंतर्गत 14 जून 2026 से 24 जून 2026 तक छतरपुर एवं नौडीहा बाजार प्रखंड के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों तथा विद्यालयों में मेगा स्क्रीनिंग शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में जन्म से 18 वर्ष तक के सभी बच्चों की हृदय संबंधी जांच की जाएगी।
जांच के दौरान संदिग्ध पाए गए बच्चों की आगे की इकोकार्डियोग्राफी (हृदय प्रतिध्वनि परीक्षण) ब्लॉक स्तरीय अस्पतालों में श्री सत्य साई संजीवनी अस्पताल के विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा की जाएगी। जिन बच्चों में जन्मजात हृदय रोग की पुष्टि होगी, उन्हें निःशुल्क शल्य चिकित्सा के लिए चयनित किया जाएगा। शल्य चिकित्सा हेतु बच्चों एवं उनके अभिभावकों के आवागमन, आवास एवं भोजन की संपूर्ण व्यवस्था निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएगी।
स्वास्थ्य विभाग ने छतरपुर प्रखंड के सभी अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने बच्चों को इस जांच अभियान में अवश्य शामिल कराएं, ताकि किसी भी संभावित हृदय रोग की समय रहते पहचान एवं उपचार सुनिश्चित किया जा सके।
सहायता एवं जानकारी हेतु संपर्क:
किसी भी प्रकार की जानकारी अथवा सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर 62997 37695 पर संपर्क किया जा सकता है।






