पलामू : देश को आपातकाल की ओर धकेल रही केंद्र सरकार, आत्ममंथन करे भाजपा
मेदिनीनगर (पलामू): कांग्रेस के राज्य सचिव पूर्व जिला अध्यक्ष जैश रंजन पाठक उर्फ बिट्टू पाठक ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा देशवासियों से पेट्रोलियम पदार्थों के संयमित उपयोग की अपील पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने केंद्र सरकार की नीतियों पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि देश को बड़े आर्थिक और सामाजिक संकट की ओर धकेला जा रहा है।
बिट्टू पाठक ने कहा कि आजादी के बाद देश ने कई संकटों का सामना किया है और हर बार पूरा राष्ट्र एकजुट होकर खड़ा हुआ है। लेकिन वर्तमान परिस्थितियों से यह संकेत मिल रहा है कि केंद्र सरकार किसी बड़े संकट या आपातकालीन हालात की जमीन तैयार कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री और भाजपा शासित सरकार को आत्ममंथन करना चाहिए।
उन्होंने मांग की कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक वर्ष तक विदेश यात्राएं स्थगित करें और भाजपा अपने रोड शो व राजनीतिक रैलियों पर भी रोक लगाए। पाठक ने सवाल उठाया कि अब तक की विदेश यात्राओं से देश को क्या प्रत्यक्ष लाभ मिला, इसकी स्पष्ट जानकारी जनता को नहीं दी गई है।
उन्होंने कहा कि विपक्ष लंबे समय से देश में आर्थिक चुनौतियों और अंतरराष्ट्रीय तनाव, विशेषकर ईरान-अमेरिका विवाद के संभावित प्रभावों को लेकर चेतावनी देता रहा है, लेकिन केंद्र सरकार चुनावी राजनीति में व्यस्त रही।
सोने के उपयोग को लेकर दिए गए सुझावों पर प्रतिक्रिया देते हुए बिट्टू पाठक ने कहा कि भारतीय संस्कृति में सोना महिलाओं की आर्थिक सुरक्षा और सामाजिक परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा है। शादी-विवाह में बेटियों को सोना देना परंपरा से जुड़ा विषय है। उन्होंने दावा किया कि देश में करीब 50 लाख कारीगर इस व्यवसाय से जुड़े हैं और इस क्षेत्र पर असर पड़ने से एक करोड़ से अधिक लोगों के रोजगार पर संकट उत्पन्न हो सकता है।





