पलामू में पहली बार होगा भव्य साइक्लोथॉन एवं जागरूकता अभियान, 20 जून को मेदिनीनगर में जुटेंगे सैकड़ों लोग
मेदिनीनगर, पलामू: पलामू डिस्ट्रिक्ट साइक्लिंग एसोसिएशन, मेदिनीनगर द्वारा जिले में स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक भव्य “साइक्लोथॉन एवं जागरूकता अभियान” का आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यक्रम दिनांक 20 जून 2026 को आयोजित होगा, जिसमें बड़ी संख्या में युवाओं, स्कूली बच्चों, सामाजिक संगठनों एवं आम नागरिकों के शामिल होने की संभावना है।
एसोसिएशन के अध्यक्ष श्री संजय रंजन सिंह (IPS रिटायर्ड) के मार्गदर्शन में आयोजित इस अभियान का मुख्य उद्देश्य लोगों को साइकिल चलाने के लिए प्रेरित करना, पर्यावरण को सुरक्षित रखने का संदेश देना तथा स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करना है।
आयोजन समिति द्वारा जारी पत्र के अनुसार कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 6:00 बजे से होगी। इसमें शहर के विभिन्न विद्यालयों, कॉलेजों, सामाजिक संस्थाओं एवं आम नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। साइक्लोथॉन के माध्यम से लोगों को यह संदेश दिया जाएगा कि नियमित साइकिल चलाने से शारीरिक स्वास्थ्य बेहतर होता है, प्रदूषण कम होता है तथा पेट्रोल-डीजल की बचत भी होती है।
कार्यक्रम में जिले के कई गणमान्य अतिथियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों को आमंत्रित किया गया है। इनमें मंत्री, सांसद, विधायक, उपायुक्त (DC), पुलिस अधीक्षक (SP), नगर आयुक्त, मेयर, डिप्टी मेयर, सिविल सर्जन, जिला शिक्षा पदाधिकारी सहित कई वरिष्ठ अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि शामिल होंगे।
आयोजन समिति ने जिलेवासियों से इस अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है। समिति का कहना है कि यह केवल एक खेल आयोजन नहीं बल्कि समाज को स्वस्थ, जागरूक और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदार बनाने की एक पहल है।
एसोसिएशन के सदस्यों ने कहा कि आज के दौर में बढ़ते प्रदूषण और भागदौड़ भरी जीवनशैली के बीच साइकिलिंग एक बेहतर विकल्प बनकर उभरी है। ऐसे आयोजनों से युवाओं में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होगा और लोग फिटनेस के प्रति प्रेरित होंगे।
अभियान को लेकर शहर में उत्साह का माहौल देखा जा रहा है और आयोजन समिति इसकी तैयारियों में जुटी हुई है।





