BREAKING NEWS

logo

भाषा विवाद पर रघुवर दास का कांग्रेस मंत्रियों पर हमला, कहा- विरोध है तो कैबिनेट छोड़ें


पलामू: झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं ओडिशा के पूर्व राज्यपाल रघुवर दास ने राज्य में चल रहे भाषा विवाद को लेकर कांग्रेस के मंत्रियों पर निशाना साधा है। उन्होंने आरोप लगाया कि भोजपुरी, मगही और अंगिका को सूची से बाहर करने का निर्णय मंत्रिमंडल की बैठक में कांग्रेस के मंत्रियों की मौजूदगी में लिया गया था, लेकिन अब वही मंत्री सार्वजनिक रूप से इसका विरोध कर राजनीतिक दिखावा कर रहे हैं।
पलामू दौरे पर पहुंचे रघुवर दास ने कहा कि यदि कांग्रेस के मंत्री वास्तव में इस फैसले से असहमत हैं तो उन्हें मुख्यमंत्री को पत्र लिखने के बजाय मंत्रिमंडल से इस्तीफा देकर अपना विरोध दर्ज कराना चाहिए।
उन्होंने राज्य सरकार पर भ्रष्टाचार और विभिन्न संसाधनों से जुड़े सिंडिकेट के संरक्षण का आरोप लगाते हुए कहा कि झारखंड प्राकृतिक संपदाओं से समृद्ध राज्य है, लेकिन यहां पत्थर, कोयला और बालू से जुड़े सिंडिकेट सक्रिय हैं। उनके अनुसार इससे राज्य के राजस्व को नुकसान पहुंच रहा है।
रघुवर दास ने भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं और प्रश्नपत्र लीक की घटनाओं का भी मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार के कार्यकाल में भर्ती प्रक्रियाओं पर सवाल खड़े हो रहे हैं, जबकि उनके मुख्यमंत्री रहते हुए शिक्षक, दरोगा और सिपाही सहित विभिन्न पदों पर पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से नियुक्तियां की गई थीं।
सत्तारूढ़ गठबंधन पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने कहा कि झामुमो, कांग्रेस और राजद की साझेदारी राज्य के विकास में बाधा बन रही है। उन्होंने दावा किया कि गठबंधन सरकार जनता की अपेक्षाओं पर खरी नहीं उतर पा रही है।
इस दौरान रघुवर दास ने केंद्र सरकार के 12 वर्षों के कार्यकाल का उल्लेख करते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में हुए विकास कार्यों और विभिन्न नीतिगत निर्णयों की सराहना की। उन्होंने कहा कि देश में भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने, आतंकवाद और नक्सलवाद के खिलाफ कार्रवाई तथा अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण काम हुए हैं। साथ ही उन्होंने बताया कि भारतीय जनता पार्टी आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारी में जुटी हुई है।
पलामू प्रवास के दौरान रघुवर दास ने डालटनगंज विधायक आलोक चौरसिया के दिवंगत पिता अनिल चौरसिया की पुण्यतिथि पर आयोजित कार्यक्रम में भी भाग लिया। उन्होंने उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम में पलामू सांसद विष्णुदयाल राम, विधायक आलोक चौरसिया, डॉ. शशिभूषण मेहता, मेयर अरुणा शंकर समेत भाजपा के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।