15 दिन से लापता महिला का कंकाल मिला, पति पर लगा आरोप, जांच में जुटी पुलिस
पलामू: जिले के पांडू थाना क्षेत्र अंतर्गत जमुदाहा जंगल से एक महिला का कंकाल बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई है। सूचना मिलने के बाद वरीय अधिकारियों के साथ पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।
पुलिस के अनुसार, घटनास्थल पर मिले कपड़ों के आधार पर परिजनों ने मृतका की पहचान सुनीता देवी (37 वर्ष), पति विनोद राम, निवासी भटवलिया, थाना पांडू के रूप में की है। बताया गया कि सुनीता देवी 29 मई 2026 को सुबह करीब 11 बजे जंगल में लकड़ी लाने गई थीं, लेकिन वापस घर नहीं लौटीं। इसके बाद परिजनों ने उनकी काफी तलाश की, मगर कोई सुराग नहीं मिला।
गुरुवार को ग्रामीणों को जमुदाहा जंगल में मानव कंकाल और कपड़े दिखाई दिए, जिसकी सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंचे परिजनों ने कपड़ों को देखकर मृतका की पहचान की।
मामले को लेकर अलग-अलग आशंकाएं जताई जा रही हैं। कुछ ग्रामीणों का कहना है कि महिला पर जंगली जानवर ने हमला किया हो सकता है, जबकि मृतका के मायके पक्ष ने उसके पति पर संदेह जताते हुए गंभीर आरोप लगाए हैं।
पुलिस ने कंकाल को कब्जे में लेकर आगे की जांच शुरू कर दी है। कंकाल को चिकित्सीय एवं वैज्ञानिक जांच के लिए रिम्स, रांची भेजा जा रहा है।
इस सम्बंध में पाण्डु प्रभारी थाना प्रभारी राजकुमार मेहता ने कहा कि पोस्टमार्टम और अन्य जांच रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।





