BREAKING NEWS

logo

15 जून से खुलेगा संत मरियम विद्यालय, सुबह 6:30 बजे से शुरू होंगी कक्षाएं


मेदिनीनगर।* गर्मी की छुट्टियों के बाद संत मरियम विद्यालय में शैक्षणिक गतिविधियां पुनः प्रारंभ होने जा रही हैं। विद्यालय प्रबंधन ने नर्सरी से लेकर कक्षा 10+2 तक के सभी विद्यार्थियों को 15 जून 2026 से नियमित रूप से विद्यालय आने की सूचना दी है। विद्यालय का संचालन प्रातः 6:30 बजे से किया जाएगा।

यह जानकारी विद्यालय के चेयरमैन अविनाश देव ने देते हुए कहा कि भीषण गर्मी को ध्यान में रखते हुए विद्यार्थियों के स्वास्थ्य और सुविधा के लिए विद्यालय का समय सुबह निर्धारित किया गया है। उन्होंने अभिभावकों से अनुरोध किया कि वे बच्चों को समय पर विद्यालय भेजें तथा उनकी पढ़ाई की नियमितता बनाए रखने में सहयोग करें।

अविनाश देव ने कहा कि अवकाश के दौरान विद्यार्थियों को दिए गए गृहकार्य एवं अध्ययन सामग्री की समीक्षा भी की जाएगी। साथ ही नए शैक्षणिक सत्र की गतिविधियों को गति देने के लिए शिक्षकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। विद्यालय परिसर में स्वच्छता, पेयजल तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित कर ली गई है।

उन्होंने सभी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि नई ऊर्जा और उत्साह के साथ अध्ययन प्रारंभ करें तथा अनुशासन, परिश्रम और लगन के बल पर अपने शैक्षणिक लक्ष्यों को प्राप्त करें। विद्यालय परिवार विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए सदैव प्रतिबद्ध है।