BREAKING NEWS

logo

पलामू प्रमंडलीय युवा महासम्मेलन में सुदेश कुमार लेंगे भाग, तैयारियों का अंतिम रूप


पलामू : पलामू प्रमंडल के युवाओं को एक मंच पर संगठित करने एवं उनके नेतृत्व को नई दिशा प्रदान करने के उद्देश्य से आजसू पार्टी द्वारा आगामी 7 जून को मेदिनीनगर में पलामू प्रमंडलीय युवा महासम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। इसमें आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष एवं सुप्रीमो सुदेश कुमार महतो मुख्य रूप से उपस्थित होकर युवाओं को संबोधित करेंगे। सम्मेलन को लेकर पलामू, गढ़वा एवं लातेहार जिलों सहित पूरे प्रमंडल में व्यापक तैयारियां की गई हैं। संगठन के केंद्रीय नेतृत्व के निर्देशानुसार पंचायत स्तर तक युवाओं को सम्मेलन में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया गया है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवाओं, छात्रों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं पार्टी पदाधिकारियों की भागीदारी होने की संभावना है।इस संबंध में युवा आजसू के पलामू जिला प्रभारी राहुल कुमार मिश्रा ने कहा कि यह महासम्मेलन युवाओं की आकांक्षाओं, संघर्षों और झारखंड के बेहतर भविष्य के निर्माण के संकल्प का प्रतीक बनेगा। उन्होंने कहा कि आजसू पार्टी ने हमेशा युवाओं को संगठन और राजनीति में सम्मानजनक भागीदारी देने का कार्य किया।आजसू छात्र संघ के प्रदेश वरीय उपाध्यक्ष अभिषेक राज ने कहा कि पलामू प्रमंडल के गांव-गांव और पंचायत-पंचायत से युवा सम्मेलन में भाग लेने के लिए उत्साहित हैं। यह महासम्मेलन युवाओं को नेतृत्व, संगठन और सामाजिक सरोकारों के प्रति जागरूक करने का महत्वपूर्ण मंच साबित होगा। प्रमंडल के सभी युवाओं, छात्रों, बुद्धिजीवियों एवं पार्टी कार्यकर्ताओं से अपील करते हुए कहा कि वे अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर सम्मेलन को ऐतिहासिक एवं सफल बनाने में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें।मौक़े पर राणा हिमांशु सिंह , राज दूबे, अक्षत सिंह , नंदन कुमार आदि लोग उपस्थित थे ।