ग्रामीणों की समस्या का स्थायी समाधान सुनिश्चित करे प्रशासन : अरविंद कुमार रवि
पलामू: उंटारी रोड प्रखंड के पांडेपुरा बांध पर गांव के मुख्य सड़क पर जलजमाव की समस्या के कारण स्थानीय लोगों को आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क पर लंबे समय से पानी जमा रहने से किसानों, विद्यार्थियों, बुजुर्गों एवं आम राहगीरों की परेशानी बढ़ गई है।
ग्रामीणों ने इस संबंध में अंचल अधिकारी को आवेदन देकर जल निकासी एवं सड़क की मरम्मत कराने की मांग की है। उनका कहना है कि समस्या के समाधान के लिए प्रशासनिक स्तर पर शीघ्र पहल की आवश्यकता है।
मौके पर पहुंचे उंटारी रोड जिला परिषद प्रत्याशी अरविंद कुमार रवि ने कहा कि पांडेपुरा बांध मार्ग पर जलजमाव की समस्या से लोगों को लगातार कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने प्रशासन से स्थल निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने तथा समस्या के स्थायी समाधान की मांग की।
ग्रामीणों ने बताया कि जलजमाव के कारण सड़क की स्थिति खराब हो गई है, जिससे स्कूली बच्चों और बुजुर्गों को विशेष रूप से परेशानी हो रही है। उन्होंने प्रशासन से जल्द राहत पहुंचाने की अपील की।
मौके पर बृंदा राम, श्रवण राम, धनंजय कुमार, अगस्त कुमार, अनतु कुमार, राहुल, बब्लू, संजय, श्रीकांत, विकास, भोला, विपिन एवं बलराम सहित कई ग्रामीण उपस्थित थे। ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि प्रशासन शीघ्र संज्ञान लेकर समस्या के समाधान की दिशा में आवश्यक कदम उठाएगा।





