ओजोन परत की रक्षा से ही सुरक्षित रहेगा भविष्य, विद्यार्थियों ने लिया पर्यावरण संरक्षण का संकल्प
पलामू :विश्व ओजोन दिवस के अवसर पर बुधवार को परियोजन धनमानी +2 उच्च विद्यालय पीपरा वरदाग में विद्यार्थियों के बीच विशेष जागरूकता कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को ओजोन परत के महत्व, इसके संरक्षण और पर्यावरण संतुलन के प्रति जागरूक करना था। कार्यशाला का नेतृत्व भवेश कुमार पाठक ने किया।
उन्होंने विद्यार्थियों को बताया कि ओजोन परत पृथ्वी को सूर्य की हानिकारक पराबैंगनी किरणों से बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने ओजोन परत को नुकसान पहुंचाने वाले कारणों तथा इसके संरक्षण के उपायों की जानकारी दी। विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने के लिए प्रेरित किया गया।कार्यशाला को सफल बनाने में विज्ञान शिक्षक अजय कुमार, ब्रह्मदेव यादव एवं संदीप कुमार तथा अंग्रेजी शिक्षक सत्येन्द्र कुमार शर्मा ने महत्वपूर्ण सहयोग किया। इस दौरान विद्यार्थियों ने ओजोन दिवस से संबंधित चार्ट, पोस्टर और अन्य शैक्षणिक सामग्री तैयार कर अपनी रचनात्मकता का प्रदर्शन किया। विद्यार्थियों ने ओजोन संरक्षण और पर्यावरण सुरक्षा से जुड़े विभिन्न विषयों पर जानकारी भी प्राप्त की। कार्यक्रम में विद्यालय की शिक्षिका मिनी कुमारी तथा शिक्षक कुंदन कुमार, अजीत कुमार, ललन कुमार सहित अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं शामिल थे।
विद्यालय के प्रधानाचार्य रवि कुमार यादव ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक व्यक्ति का निरंतर दायित्व है। उन्होंने विद्यार्थियों से जागरूक नागरिक बनने और अपने आसपास के लोगों को भी पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।






