छतरपुर के नवनियुक्त एसडीएम से मिले नगर पंचायत अध्यक्ष, विकास कार्यों के निरीक्षण, अतिक्रमण व ट्रैफिक समस्याओं के निराकरण पर हुई चर्चा
छतरपुर: छतरपुर नगर पंचायत के अध्यक्ष अरविंद कुमार गुप्ता ने छतरपुर के नवनियुक्त अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीएम) गणेश महतो से शिष्टाचार मुलाकात कर नगर क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं से अवगत कराया तथा उन्हें अंगवस्त्र भेंट कर कार्यालय कक्ष में स्वागत किया।
अरविंद कुमार गुप्ता ने कहा कि गणेश महतो पूर्व में पलामू में कार्य कर चुके हैं और वे एक ऊर्जावान एवं अनुभवी अधिकारी हैं। उनके अनुभव का लाभ निश्चित रूप से छतरपुर अनुमंडल को मिलेगा। इस दौरान उन्होंने नगर पंचायत क्षेत्र में बढ़ते अतिक्रमण एवं ट्रैफिक जाम की समस्या को प्रमुखता से उठाते हुए इसके स्थायी समाधान के लिए प्रशासनिक सहयोग की मांग की।
नगर अध्यक्ष ने एसडीएम को बताया कि छतरपुर नगर क्षेत्र में अतिक्रमण और यातायात अव्यवस्था आम नागरिकों के लिए परेशानी का कारण बनती जा रही है। उन्होंने अनुमंडल स्तर पर एक विशेष टास्क फोर्स गठित करने का सुझाव दिया, जो समय-समय पर विकास कार्यों का निरीक्षण, अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई तथा ट्रैफिक व्यवस्था की समीक्षा कर आवश्यक कदम सुनिश्चित करे। साथ ही नगर अध्यक्ष ने यह भी आग्रह किया कि विकास योजनाओं का नियमित निरीक्षण आवश्यक है, ताकि योजनाओं की गुणवत्ता बनी रहे।
इस संबंध में एसडीएम गणेश महतो ने नगर अध्यक्ष को आश्वस्त किया कि जल्द ही संबंधित विभागों के साथ बैठक आयोजित कर समस्याओं के समाधान की दिशा में ठोस कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि नगर क्षेत्र में सुचारु यातायात व्यवस्था एवं अतिक्रमण नियंत्रण प्रशासन की प्राथमिकताओं में शामिल है।
नगर अध्यक्ष अरविंद कुमार गुप्ता ने उनके सुझावों पर सकारात्मक संज्ञान लेने के लिए एसडीएम का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि नगर पंचायत और प्रशासन के संयुक्त प्रयासों से छतरपुर को एक व्यवस्थित एवं स्वच्छ नगर बनाया जा सकता है।





