सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो पुरानी घटना से संबंधित,प्रशासन ने लोगों से अफवाहों से सतर्क रहने की अपील की
पलामू : हाल के दिनों में सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफॉर्म पर हुसैनाबाद अनुमंडल अंतर्गत जपला क्षेत्र के एक विद्यालय से जुड़ा वीडियो तेजी से साझा किया जा रहा है। वीडियो के वायरल होने के बाद जिला प्रशासन एवं पलामू पुलिस द्वारा उपलब्ध तथ्यों का परीक्षण कराया गया।प्रारंभिक जांच एवं उपलब्ध अभिलेखों के अनुसार उक्त वीडियो वर्ष 2022 की घटना से संबंधित पाया गया है। संबंधित मामले में तत्कालीन समय में ही प्राथमिकी दर्ज करते हुए आवश्यक कानूनी प्रक्रिया अपनायी गयी थी तथा आरोपी शिक्षक शशिकेश कश्यप के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई भी की जा चुकी है।जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि वर्तमान में प्रसारित वीडियो किसी ताजा घटना से संबंधित नहीं है। ऐसे में आमजन बिना सत्यापन किसी भी वीडियो अथवा सूचना को साझा करने से बचें। सोशल मीडिया पर भ्रामक अथवा अपुष्ट जानकारी का प्रसार अनावश्यक भ्रम एवं तनाव की स्थिति उत्पन्न कर सकता है।जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने पलामूवासियों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की सूचना प्राप्त होने पर उसकी आधिकारिक पुष्टि अवश्य कर लें तथा जिम्मेदार नागरिक के रूप में सोशल मीडिया का उपयोग करें।





