BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

MMCH में आवारा कुत्ते द्वारा नवजात का शव घसीटने के मामले में हड़कंप: DC, SP व SDM पहुंचे, लिया जायजा


​मेदिनीनगर: मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल (MMCH) परिसर में एक आवारा कुत्ते द्वारा नवजात शिशु का शव घसीटने के दिल दहला देने वाले मामले के बाद जिला प्रशासन पूरी तरह रेस हो गया है। मंगलवार को पलामू उपायुक्त (DC) दिलीप प्रताप सिंह शेखावत, पुलिस अधीक्षक (SP) कपिल चौधरी और सदर अनुमंडल पदाधिकारी (SDM) संजय पांडे ने दल-बल और डॉग स्क्वायड की टीम के साथ अस्पताल का औचक निरीक्षण किया।
​व्यवस्था पर भड़के डीसी, दिए सख्त निर्देश
​निरीक्षण के दौरान अस्पताल परिसर में स्वास्थ्य सुविधाओं की बदहाली और साफ-सफाई में भारी अव्यवस्था देखकर उपायुक्त काफी नाराज नजर आए। उन्होंने मौके पर मौजूद स्वास्थ्य कर्मियों और जिम्मेदार अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाते हुए कार्यशैली में तत्काल सुधार लाने का निर्देश दिया।
​डीसी ने इमरजेंसी वार्ड में भर्ती मरीजों और उनके परिजनों से सीधा संवाद कर दवाओं की उपलब्धता, चिकित्सकों की समय पर उपस्थिति और इलाज की स्थिति की जानकारी ली। वार्ड में बेवजह जुटी भीड़ को देखकर उन्होंने नाराजगी जताई और सख्त अनुशासन बनाए रखने का आदेश दिया। इस दौरान उन्होंने ड्यूटी रोस्टर तथा उपस्थिति रजिस्टर की भी गहन जांच की।
​"अस्पताल में आने वाले मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं देना प्रशासन की पहली प्राथमिकता है। यदि MMCH की व्यवस्था में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ, तो लापरवाह अधिकारियों और कर्मियों के खिलाफ सीधी और कठोर कानूनी व प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी।"
— दिलीप प्रताप सिंह शेखावत, उपायुक्त (पलामू)
​डॉग स्क्वायड और CCTV की मदद से साक्ष्य जुटाने में जुटी पुलिस
​घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए सदर एसडीएम संजय पांडे और थाना प्रभारी ज्योतिलाल रजवार की सीधी निगरानी में खोजी कुत्तों (डॉग स्क्वायड) की मदद से अस्पताल परिसर के कोने-कोने से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। इसके साथ ही पूरे परिसर के CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि यह स्पष्ट हो सके कि नवजात का शव कहां से आया और लापरवाही किस स्तर पर हुई।
​मामले की गंभीरता पर दुख व्यक्त करते हुए सदर एसडीएम संजय पांडे ने कहा:
​"यह अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण और दिल झकझोर कर रख देने वाली घटना है। खोजी कुत्तों की टीम और पुलिस मामले के हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है। बहुत जल्द इस पूरी घटना का खुलासा कर दोषियों की जवाबदेही तय की जाएगी।"