BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

छावनी परिषद में अनमोल सिंह की नियुक्ति से विकास को मिलेगी नई रफ्तार : चैंबर


रामगढ़ चैंबर ऑफ कॉमर्स ने नवनियुक्त नामित सदस्य का किया भव्य स्वागत, वार्ड नंबर 8 को प्रतिबंधमुक्त कराने की पहल की जताई उम्मीद

रांची एक्सप्रेस संवाददाता 

रामगढ़। छावनी परिषद रामगढ़ के नवनियुक्त नामित सदस्य सरदार अनमोल सिंह का रामगढ़ चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के  तत्वाधान में बुधवार को स्वागत किया गया। चैंबर के पूर्व अध्यक्ष एवं जिला अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष आनंद अग्रवाल के आवास पर आयोजित कार्यक्रम में अनमोल सिंह को बुके भेंट कर और माला पहनाकर सम्मानित किया गया। इस दौरान चैंबर के पदाधिकारियों और सदस्यों ने उनकी नियुक्ति पर प्रसन्नता जताते हुए उम्मीद व्यक्त की कि उनके अनुभव और शहर के विकास के प्रति दृष्टिकोण से छावनी परिषद क्षेत्र में विकास कार्यों को नई दिशा मिलेगी।

अनुभव का मिलेगा छावनी क्षेत्र को लाभ : मनजीत साहनी

चैंबर अध्यक्ष मनजीत साहनी ने कहा कि यह पूरे चैंबर परिवार के लिए गौरव की बात है कि उनके बीच के एक सक्रिय सदस्य को केंद्र सरकार ने छावनी परिषद रामगढ़ का नामित सदस्य बनाया है। उन्होंने कहा कि सरदार अनमोल सिंह को पूर्व में छावनी परिषद के सदस्य और उपाध्यक्ष के रूप में कार्य करने का अनुभव रहा है। वे परिषद की कार्यप्रणाली और स्थानीय समस्याओं से भली-भांति परिचित हैं। ऐसे में उनके अनुभव का लाभ छावनी क्षेत्र के विकास और आम लोगों की समस्याओं के समाधान में मिल सकता है।

वार्ड नंबर 8 को प्रतिबंधमुक्त कराने की जगी उम्मीद

जिला अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष एवं चैंबर के पूर्व अध्यक्ष आनंद अग्रवाल ने कहा कि सरदार अनमोल सिंह की नियुक्ति से छावनी परिषद क्षेत्र में विकास की नई पहल शुरू होने की उम्मीद है। शहर के विकास को लेकर उनका जो दृष्टिकोण है, उसका लाभ छावनी परिषद क्षेत्र के आम नागरिकों को मिल सकता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि अनमोल सिंह के प्रयासों से वार्ड नंबर 8, जो वर्तमान में प्रतिबंधित क्षेत्र है, उसे प्रतिबंधमुक्त कराने की दिशा में भी पहल होगी और इस दिशा में जल्द सकारात्मक रास्ता निकलेगा।

चैंबर के पदाधिकारी रहे मौजूद

स्वागत कार्यक्रम में रामगढ़ चैंबर ऑफ कॉमर्स के उपाध्यक्ष अमरेश गणक, कार्यकारिणी सदस्य विवेक अग्रवाल (अधिवक्ता), उपसमिति के सभापति रमेश बंदिया, पलविंदर सिंह जैसल, विमल जाजू सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे। सभी ने अनमोल सिंह को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं और छावनी परिषद क्षेत्र के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने की उम्मीद जताई।