डीसी और एसपी ने किया निरीक्षण, सीसीटीवी से लेकर अग्निशमन व्यवस्था तक का लिया जायजा
रांची एक्सप्रेस संवाददाता
रामगढ़। विधानसभा एवं लोकसभा चुनावों से जुड़ी निर्वाचन सामग्री की सुरक्षा को लेकर जिला प्रशासन सतर्क है। इसी क्रम में बुधवार को जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह डीसी ऋतुराज ने एसपी मुकेश कुमार लुनायत के साथ जिला समाहरणालय परिसर स्थित ईवीएम-वीवीपैट वेयरहाउस का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने वेयरहाउस की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
सुरक्षा व्यवस्था की बारीकी से जांच
निरीक्षण के दौरान डीसी ने वेयरहाउस की आंतरिक एवं बाहरी सुरक्षा, सीसीटीवी कैमरों की क्रियाशीलता, अग्निशमन यंत्रों की उपलब्धता और परिसर की साफ-सफाई का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने मौके पर तैनात सुरक्षा बलों को चौबीसों घंटे पूरी मुस्तैदी के साथ ड्यूटी करने तथा निर्धारित सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
लॉग बुक और सुरक्षा प्रोटोकॉल की ली जानकारी
इस दौरान उप निर्वाचन पदाधिकारी रविन्द्र कुमार गुप्ता ने डीसी को वेयरहाउस की सुरक्षा के लिए किए गए इंतजामों, लॉग बुक के संधारण और निर्धारित सुरक्षा प्रोटोकॉल की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप वेयरहाउस की सुरक्षा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।
निर्वाचन सामग्री की सुरक्षा सर्वोपरि
ईवीएम एवं वीवीपैट वेयरहाउस की सुरक्षा निर्वाचन प्रक्रिया का महत्वपूर्ण हिस्सा है। निरीक्षण के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को दुरुस्त बनाए रखने और निर्धारित मानकों के अनुरूप सभी इंतजाम सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। मौके पर जिला निर्वाचन कार्यालय के कर्मी, पुलिस पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित कर्मी उपस्थित थे।



.jpg)


