BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

राशन वितरण में देरी पर डीसी सख़्त, आपूर्ति विभाग को शत-प्रतिशत लक्ष्य पूरा करने का निर्देश


रांची एक्सप्रेस संवाददाता 

गोड्डा : जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त लोकेश मिश्रा की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित सभागार में आपूर्ति विभाग की योजनाओं की समीक्षा बैठक हुई। बैठक में विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में उपायुक्त ने कहा कि आम लोगों और ग्रामीणों से लगातार शिकायत मिल रही है कि समय पर राशन का वितरण नहीं हो रहा है। इस पर जिला आपूर्ति पदाधिकारी निशा तिर्की ने बताया कि जिले को देर से अनाज प्राप्त होने के कारण वितरण में देरी हुई है। उपायुक्त ने इस पर सभी समस्याओं की समेकित रिपोर्ट तैयार कर विभाग को पत्राचार करने का निर्देश दिया।

उपायुक्त ने स्पष्ट कहा कि सरकार की सभी योजनाओं का लाभ सही समय पर पात्र लाभुकों तक पहुंचना चाहिए। उन्होंने जिला और सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा में अनाज का उठाव और वितरण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। बैठक में अनाज उठाव-वितरण, सोना-सोबरन धोती-लुंगी-साड़ी वितरण योजना, मुख्यमंत्री चना दाल वितरण योजना, नमक वितरण योजना सहित अन्य योजनाओं की समीक्षा की गई।

उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी योजनाओं की नियमित निगरानी की जाए।

दूसरी ओर दुर्गा पूजा पर्व के दौरान पिछले माह का राशन नहीं मिलने से गरीब लाभुकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। शहरी और ग्रामीण क्षेत्र के पीडीएस दुकानों से लाभुक मायूस लौट रहे हैं। त्योहार के मौके पर भी लोगों को बाजार से 38 रुपये किलो उसना चावल खरीदकर खाने को मजबूर होना पड़ रहा है।