होमगार्ड भर्ती प्रक्रिया की उपायुक्त ने की समीक्षा, पारदर्शिता पर जोर
अनिल विश्वकर्मा
रामगढ़। होमगार्ड भर्ती प्रक्रिया को लेकर शनिवार को उपायुक्त ऋतुराज की अध्यक्षता में संबंधित पदाधिकारियों एवं भर्ती समिति के सदस्यों के साथ बैठक हुई। बैठक में भर्ती प्रक्रिया की अब तक की प्रगति की समीक्षा करते हुए आगामी चरणों को निर्धारित समय-सीमा में पारदर्शी एवं नियमानुसार पूरा करने के निर्देश दिए गए।
आवेदनों की स्क्रूटनी पूरी, रद्द आवेदनों की सूची कारण सहित होगी जारी
बैठक में कमांडेंट होमगार्ड नीलिमा सोरे ने बताया कि होमगार्ड भर्ती के लिए प्राप्त सभी आवेदनों की स्क्रूटनी पूरी कर ली गई है। उपायुक्त ने निर्देश दिया कि जिन अभ्यर्थियों के आवेदन रद्द किए गए हैं, उनकी सूची कारण सहित जारी की जाए, ताकि भर्ती प्रक्रिया में पूरी पारदर्शिता बनी रहे।
शारीरिक दक्षता परीक्षा की तैयारी, पेट के लिए रोडमैप तैयार करने का निर्देश
उपायुक्त ने भर्ती समिति के साथ समन्वय कर शारीरिक दक्षता परीक्षा के आयोजन का विस्तृत रोडमैप तैयार करने का निर्देश दिया। उन्होंने परीक्षा के दौरान अभ्यर्थियों की सुविधा, सुरक्षा, अनुशासन और निर्धारित नियमों के अनुपालन को लेकर सभी आवश्यक तैयारियां समय पर पूरी करने को कहा।
सिद्धू-कान्हू मैदान का निरीक्षण, पेट के आयोजन को लेकर मैदान की व्यवस्थाओं का जायजा
बैठक के बाद उपायुक्त ऋतुराज ने संबंधित अधिकारियों के साथ सिद्धू-कान्हू मैदान का निरीक्षण किया। इस दौरान शारीरिक दक्षता परीक्षा में होने वाले विभिन्न इवेंट्स को ध्यान में रखते हुए मैदान की सुविधाओं और आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। उपायुक्त ने इवेंट्स के अनुरूप विस्तृत प्लान तैयार करने का निर्देश दिया।
भर्ती के हर चरण में नियमों का अक्षरशः पालन हो : उपायुक्त
उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि भर्ती प्रक्रिया के प्रत्येक चरण में निर्धारित नियमों एवं मानकों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसका विशेष ध्यान रखने को कहा गया।
बैठक में ये अधिकारी रहे उपस्थित
बैठक में पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत, उप विकास आयुक्त आशीष अग्रवाल, अनुमंडल पदाधिकारी कृष्ण मुरारी तिर्की, गोपनीय प्रभारी रविन्द्र कुमार गुप्ता, एसडीपीओ आलोक रंजन, एसडीपीओ पतरातू राघवेंद्र शर्मा, डीआईओ मनीष सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।



.jpeg)


