रेल कॉलोनी की समस्याओं को लेकर ईसीआरईयू ने चलाया निरीक्षण अभियान
बरकाकाना। ईस्ट सेंट्रल रेलवे एम्पलाइज यूनियन की बरकाकाना शाखा ने शनिवार को वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी डी.पी.ओ, धनबाद के निर्देशानुसार रेलवे कॉलोनी में व्यापक निरीक्षण अभियान चलाया। इस दौरान रेल कर्मचारियों और उनके परिजनों से मिलकर आवास, साफ-सफाई, नाली, पेयजल, बिजली और जर्जर सड़कों से जुड़ी समस्याओं की जानकारी ली गई। निरीक्षण के दौरान कॉलोनी की नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने, सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने तथा आसपास की दुकानों को हटाने से संबंधित मुद्दों पर भी चर्चा हुई। सभी समस्याओं की रिपोर्ट तैयार कर एडीईएन बरकाकाना के माध्यम से डी.पी.ओ धनबाद को भेजी जाएगी, ताकि जल्द समाधान हो सके। अभियान में ईसीआरईयू शाखा सचिव डालेश्वर कुमार महतो, मुकेश कुमार, रघुनंदन, सुरेंद्र कुमार सहित रेलवे के इंजीनियरिंग, इलेक्ट्रिकल और आरपीएफ विभाग के प्रतिनिधि तथा ओबीसी एवं एससी/एसटी एसोसिएशन के सदस्य उपस्थित थे। यूनियन ने रेल कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान और कॉलोनी के विकास के प्रति प्रतिबद्धता जताई।






