अधिवक्ता अनुष्का चक्रवर्ती को न्याय दिलाने के लिए मुख्यमंत्री से मिले पिता, निष्पक्ष जांच की मांग
रांची एक्सप्रेस संवाददाता
गोला। झारखंड हाईकोर्ट की महिला अधिवक्ता अनुष्का चक्रवर्ती की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं होने से परिजन काफी आहत हैं। अपनी बेटी को न्याय दिलाने की मांग को लेकर अनुष्का के पिता सुनील राज चक्रवर्ती ने बुधवार को झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात की। उन्होंने मुख्यमंत्री से मामले की निष्पक्ष जांच कराने, दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने और पीड़ित परिवार को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की। सुनील राज चक्रवर्ती ने मुख्यमंत्री से कहा कि उनका परिवार न्याय की प्रतीक्षा कर रहा है, लेकिन अब तक अपेक्षित प्रशासनिक सहायता और उचित कार्रवाई नहीं मिलने से उनकी पीड़ा और बढ़ गई है। उन्होंने आग्रह किया कि मामले की निष्पक्ष एवं गहन जांच के आदेश दिए जाएं, दोषियों के विरुद्ध त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए और पीड़ित परिवार को आवश्यक सहायता, सुरक्षा और सहयोग प्रदान किया जाए। उन्होंने भावुक अपील करते हुए कहा कि उनकी बेटी ने बचपन से ही मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और बाबा दिशोम गुरु शिबू सोरेन को अपना आदर्श माना है। इसी विश्वास और उम्मीद के साथ वे अपनी बेटी को न्याय दिलाने की गुहार लेकर मुख्यमंत्री के पास पहुंचे हैं। उन्हें भरोसा है कि मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन और हस्तक्षेप से मामले को गंभीरता से लिया जाएगा और न्याय दिलाने की दिशा में उचित कदम उठाए जाएंगे। मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री की ओर से हरसंभव मदद का भरोसा दिया गया।
अनुष्का को न्याय दिलाने के लिए गोला में आज निकलेगा कैंडल मार्च
अनुष्का चक्रवर्ती को न्याय दिलाने की मांग को लेकर गुरुवार की शाम गोला में कैंडल मार्च निकाला जाएगा। यह मार्च शाम 4 बजे रजरप्पा मोड़ से शुरू होकर गोला डीवीसी चौक तक जाएगा। आयोजकों ने क्षेत्र के लोगों से कैंडल मार्च में शामिल होकर अनुष्का को न्याय दिलाने की मांग को मजबूती देने की अपील की है।


.jpg)


