रंगदारी मांगने वाला कुख्यात भाखड बोस गैंग का चार सदस्य गिरफ्तार, 02 पिस्टल और ब्लैक स्कॉर्पियो जब्त
रांची एक्सप्रेस संवाददाता
देवघर : देवघर नगर थाना क्षेत्र में रंगदारी और छिनतई करने वाले कुख्यात संगठित अपराध गिरोह के 04 सक्रिय सदस्यों को पुलिस ने हथियार के साथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अपराधियों में कुख्यात अपराधी विकाश पलिवार उर्फ भाखड बोस भी शामिल है। पुलिस ने इनके पास से दो पिस्टल, चार जिंदा कारतूस और एक ब्लैक स्कॉर्पियो (JH15AR2703) जब्त किया है।
पुलिस के अनुसार 11 सितंबर की रात अमर नाथ केशरी अपने बेटे और परिवार के साथ Vioroy Eyelex में फिल्म देखने गए थे। मध्यांतर के दौरान कुख्यात अपराधी विकाश पलिवार उर्फ भाखड बोस ने अपने तीन अन्य साथियों के साथ उनके बेटे के साथ मारपीट करते हुए रंगदारी की मांग की। इस संबंध में अमरनाथ केशरी के लिखित आवेदन पर नगर थाना कांड संख्या- 357/26 दिनांक 12-09-26 धारा- 115(2)308(2)/351(2)/352/3(5) BNS दर्ज किया गया।
कांड की गंभीरता को देखते हुए एसपी के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। इसी बीच 13 सितंबर को करीब 03 बजे एसपी को गुप्त सूचना मिली कि उक्त कांड के वांछित अभियुक्त अपने साथियों और हथियार के साथ ब्लैक स्कॉर्पियो में सवार होकर सदर अस्पताल क्षेत्र में घूम रहे हैं।
सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए टीम ने सदर अस्पताल के समीप हरिशरणम कुटिया के पीछे घेराबंदी कर चार व्यक्तियों को खदेड़ कर पकड़ लिया।
*गिरफ्तार अपराधियों के नाम :-*
1. रिषभ राज उर्फ रिषभ केशरी, उम्र 31 वर्ष, पिता पंकज कंशकार उर्फ पंकज केशरी, पता- सीता होटल शिवम पेडा भंडार जलसार रोड, थाना- नगर
2. विकाश पलिवार उर्फ भाखड बोस, उम्र करीब 30 वर्ष, पिता कार्तिक पलिवार, पता- शिवगंगा लेन, थाना नगर
3. सौरभ श्रृंगारी, उम्र 26 वर्ष, पिता पूर्णानन्द श्रृंगारी, पता- पंडित बीएन झा पथ, थाना नगर
4. प्रशांत कुमार झा, उम्र 32 वर्ष, पिता स्व. अजय झा, पता- करनीबाग, थाना कुंडा
पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार विकाश पलिवार के कमर से एक पिस्टल, रिषभ केशरी के कमर से एक लोडेड पिस्टल व दो जिंदा कारतूस जिसमें 7.65 एमएम का एक खोखा, सौरभ श्रृंगारी के पैंट के बाएं पॉकेट से दो जिंदा कारतूस और प्रशांत कुमार झा के दाहिने पॉकेट से दो जिंदा कारतूस जिसमें एक खोखा बरामद हुआ है। मौके से ब्लैक स्कॉर्पियो भी जब्त की गई है। इस संबंध में नगर थाना कांड सं- 358/26 धारा- 308(2)/111(4)/61(2) BNS एवं 25(1-बी)ए/26/35 आर्म्स एक्ट दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त कुख्यात संगठित अपराध गिरोह के सक्रिय सदस्य हैं और अवैध हथियार का भय दिखाकर दुकानदारों से छिनतई, रंगदारी वसूलना और जमीन कब्जा करने का काम करते हैं। इनके विरुद्ध 40 से अधिक गंभीर मामले दर्ज हैं।
इस आपराधिक घटना में सहयोग करने वाले अनुभव नरौने उर्फ सोनू नरौने, छोटू श्रृंगारी, आरितिक पलिवार और मोनू पंडित सभी थाना नगर के रहने वाले हैं, जिनकी तलाश पुलिस द्वारा जोर-शोर से की जा रही है।
छापेमारी दल में एसडीपीओ कुलदीप कुमार, नगर थाना प्रभारी पु.नि. रवि ठाकुर, पु.अ.नि. मिथिलेश कुमार, सूरज कुमार, सुमन्त प्रसाद, राजू रजवार, अरविंद कुमार एवं रिजर्व गार्ड शामिल थे।






