गोड्डा प्रशासन की सूझबूझ से टली बड़ी घटना, संथाली समाज की दिसम बेसी महाबैठक रद्द
रांची एक्सप्रेस संवाददाता
गोड्डा : सदर प्रखंड के दलदली गांव में प्रस्तावित आदिवासी समाज की दिसम बेसी महाबैठक को प्रशासन ने कानून-व्यवस्था बिगड़ने की आशंका को देखते हुए रद्द कर दिया। प्रशासन की तत्परता से एक बड़ी हिंसक घटना टल गई।
बताया जाता है कि ग्राम दलदली निवासी दुबेय मरांडी और हरीलाल मरांडी के बीच जमीन विवाद चल रहा है। इसी विवाद को लेकर दुबेय मरांडी की ओर से दिसम बेसी महाबैठक बुलाई गई थी। जिला प्रशासन को सूचना मिली थी कि बैठक के नाम पर घर उजाड़ने और हिंसक झड़प की घटना हो सकती है।
इसे गंभीरता से लेते हुए अनुमंडल पदाधिकारी ने विधि-व्यवस्था का हवाला देते हुए बैठक को रद्द करने का आदेश जारी किया। सुबह से ही गांव में मुफस्सिल थाना पुलिस के साथ अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी गई थी। गोड्डा बीडीओ, अंचलाधिकारी और दंडाधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे और पूरे दिन भीड़ को इकट्ठा नहीं होने दिया।
बताया जा रहा है कि इस महाबैठक में राज्यभर से करीब दो हजार की संख्या में आदिवासी माझी और प्रधानों के जुटने की संभावना थी। गोड्डा पुलिस और प्रशासन की सूझबूझ से स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया और कानून-व्यवस्था सामान्य बनी रही।






