• डीसी ने तैयारी तेज करने का दिया निर्देश
रांची एक्सप्रेस ब्यूरो
देवघर : जिले के किसानों के लिए अच्छी खबर है। अब खाद के लिए लंबी लाइनों में लगने की जरूरत नहीं पड़ेगी। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी सौरभ कुमार भुवानियां ने बताया कि झारखंड सरकार के कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता विभाग द्वारा 23 सितंबर 2026 से जिले में उर्वरक बिक्री का नया डिजिटल ढांचा (FFS) लागू किया जा रहा है।
डीसी ने बताया कि इस नई व्यवस्था के तहत FSAS एप और पोर्टल के माध्यम से किसान घर बैठे खाद की ऑनलाइन बुकिंग कर सकेंगे। इसका मुख्य उद्देश्य उर्वरक वितरण प्रणाली को अधिक पारदर्शी, सुगम और किसान हितैषी बनाना है।
नई व्यवस्था के तहत ऑनलाइन बुकिंग के लिए किसान के पास अपना आधार नंबर और जमीन से संबंधित विवरण होना जरूरी होगा। सिस्टम में दर्ज भूमि के रकबा और बोई गई फसल की आवश्यकता के आधार पर ही उर्वरक की मात्रा निर्धारित की जाएगी, ताकि जरूरत के हिसाब से सही मात्रा में खाद मिल सके।
उल्लेखनीय है कि इस नई डिजिटल प्रणाली से किसानों को कई फायदे होंगे। घर बैठे बुकिंग की सुविधा, खाद की उपलब्धता, उसकी मात्रा और सरकारी दर की जानकारी पहले से मिल जाएगी। इससे सहकारी समितियों और दुकानों पर लगने वाली लंबी कतारों से छुटकारा मिलेगा और समय व श्रम दोनों की बचत होगी।
किसानों को अपने नजदीक के अधिकृत विक्रेता की जानकारी भी ऐप पर मिलेगी। साथ ही फसल के अनुसार कितनी खाद डालनी है, इसकी अनुशंसित मात्रा भी बताई जाएगी।
डीसी श्री भुवानियां ने बताया कि ऑनलाइन बुकिंग के बाद किसान के मोबाइल पर एक QR कोड या टोकन नंबर भेजा जाएगा। अधिकृत विक्रेता उसी QR कोड के सत्यापन के बाद ही खाद का वितरण करेगा। पूरी प्रक्रिया POS मशीन से होगी, जिससे स्टॉक और वितरण का डिजिटल रिकॉर्ड सुरक्षित रहेगा। इससे खाद की कालाबाजारी, जमाखोरी और निर्धारित मात्रा से अधिक वितरण पर पूरी तरह से रोक लगेगी।
उपायुक्त ने सभी प्रखंड कृषि पदाधिकारियों और अधिकृत विक्रेताओं को निर्देश दिया है कि 23 सितंबर से पहले सभी तैयारियां पूरी कर लें। उन्होंने किसानों से अपील की है कि वे खाद की खरीद केवल अधिकृत विक्रेताओं से ही करें और किसी भी जानकारी के लिए अपने प्रखंड कृषि कार्यालय से संपर्क करें।







