BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

फूलो झानो मेडिकल कॉलेज में OPD शिफ्टिंग की तैयारी तेज, डीसी ने किया निरीक्षण


रांची एक्सप्रेस संवाददाता 

दुमका : फूलो झानो मेडिकल कॉलेज अस्पताल, दिग्घी में सभी विभागों की ओपीडी शुरू करने की तैयारी तेज हो गई है। उपायुक्त अभिजीत सिन्हा ने रविवार को ओपीडी भवन और परिसर का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया और ओपीडी संचालन से पहले सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त करने का निर्देश दिया।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने सबसे पहले अस्पताल परिसर में प्रवेश करने वाली सड़क का जायजा लिया और संबंधित अधिकारी को झाड़ियों की कटाई और सड़क की मरम्मत जल्द कराने का निर्देश दिया।

इसके बाद उन्होंने ओपीडी भवन में ऑर्थोपेडिक्स, गायनेकोलॉजी सहित विभिन्न विभागों के लिए तैयार वार्डों और व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों से मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी ली और निर्देश दिया कि अस्पताल में प्रवेश करते ही मरीजों को यह स्पष्ट जानकारी मिले कि कौन सा विभाग किस फ्लोर पर है, इसके लिए पर्याप्त साइनेज लगाए जाएं।

उपायुक्त ने क्यू मैनेजमेंट सिस्टम को दुरुस्त कर उसका डेमो तैयार रखने, बिजली-पानी आपूर्ति और जनरेटर जैसी तकनीकी व्यवस्थाओं के कर्मियों को प्रशिक्षित करने का भी निर्देश दिया।

उन्होंने ब्लड बैंक के लिए निर्धारित क्षेत्र का भी निरीक्षण किया और ब्लड बैंक को दिग्घी अस्पताल में शिफ्ट करने की पूरी प्रक्रिया और लाइसेंस संबंधी कार्रवाई जल्द पूरी करने को कहा।

उपायुक्त ने बताया कि अस्पताल में पैरामेडिकल स्टाफ, विभागाध्यक्ष, असिस्टेंट प्रोफेसर और एसोसिएट प्रोफेसर सहित आवश्यक मानव संसाधन की प्रतिनियुक्ति की प्रक्रिया जारी है। अस्पताल परिसर में मोबाइल नेटवर्क की समस्या को देखते हुए उन्होंने मोबाइल टावर अधिष्ठापन की प्रक्रिया शुरू करने का निर्देश सामान्य शाखा प्रभारी को दिया।

उन्होंने कहा कि ओपीडी शुरू होने से पहले सभी मशीनें और उपकरण तैयार रहें, ताकि मरीजों को एक ही स्थान पर सभी स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें और उन्हें भटकना न पड़े।

मौके पर सहायक समाहर्ता, मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य, अधीक्षक, सिविल सर्जन सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।