रामगढ़ की डीएसओ रंजीता टोप्पो बनीं संयुक्त सचिव, निशा सिंह को मिला डीएसओ का प्रभार
गोला। रामगढ़ की जिला आपूर्ति पदाधिकारी रंजीता टोप्पो को खाद्य, सार्वजनिक वितरण एवं उपभोक्ता मामले विभाग में संयुक्त सचिव बनाया गया है। साथ ही उन्हें झारखंड राज्य खाद्य निगम के प्रबंध निदेशक का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है। वहीं जिला पंचायती राज पदाधिकारी निशा सिंह को रामगढ़ के नए डीएसओ का प्रभार दिया गया है। इस अवसर पर गोला स्थित द्वारिका पैलेस में शुक्रवार को विदाई सह स्वागत समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में पैक्स अध्क्षों द्वारा रंजीता टोप्पो को सम्मानित कर भावभीनी विदाई दी गई। जबकि नई डीएसओ निशा सिंह का स्वागत किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता पैक्स एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष कमाल शहजादा और संचालन बोरोबिंग पैक्स अध्यक्ष युगेश महतो ने किया। इस दौरान दोनों अधिकारियों को पुष्पगुच्छ, शॉल एवं उपहार भेंट कर सम्मानित किया गया।
रंजीता टोप्पो का कार्यकाल सराहनीय रहा : कमाल शहजादा
पैक्स एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष कमाल शहजादा ने कहा कि डीएसओ के रूप में रंजीता टोप्पो का कार्यकाल काफी सराहनीय रहा। उनके नेतृत्व में रामगढ़ जिले में धान अधिप्राप्ति कार्य बेहतर तरीके से संपन्न हुआ और सभी पैक्सों को पूरा सहयोग मिला।
संबोधन के दौरान भावुक हुईं रंजीता टोप्पो
रंजीता टोप्पो ने अपने संबोधन में कहा कि रामगढ़ में सभी के साथ उनका रिश्ता एक परिवार की तरह रहा। उन्होंने कहा कि विभागीय दायित्व निभाने के दौरान यदि कभी किसी को कुछ कहना पड़ा हो तो वह केवल कर्तव्य का हिस्सा था। अपने संबोधन के दौरान वह भावुक हो गईं और कहा कि रामगढ़ से उनका रिश्ता हमेशा बना रहेगा। उन्होंने सभी से नई डीएसओ को भी इसी तरह सहयोग देने की अपील की।
रंजीता टोप्पो ने बनाई अलग पहचान : निशा सिंह
नई डीएसओ निशा सिंह ने कहा कि रंजीता टोप्पो ने एक कुशल प्रशासक के रूप में रामगढ़ जिले को अग्रणी स्थान पर बनाए रखा। उन्होंने बताया कि खूंटी में भी उनके साथ कार्य करने का अवसर मिला, जहां उन्होंने हमेशा एक बड़ी बहन और वरीय अधिकारी की तरह मार्गदर्शन किया। उन्होंने कहा कि रंजीता टोप्पो ने हर पद पर अपनी अलग पहचान बनाई है।
कुछ अधिकारी दिलों में जगह बना जाते हैं
धन्यवाद ज्ञापन करते हुए कुंज बिहारी राइस मिल, लारी के प्रोपराइटर विनय अग्रवाल एवं पनाश राइस मिल, रामगढ़ के प्रोपराइटर आनंद प्रकाश ने कहा कि अधिकारी आते-जाते रहते हैं, लेकिन कुछ व्यक्तित्व ऐसे होते हैं जो लोगों के दिलों में खास जगह बना लेते हैं। रंजीता टोप्पो भी ऐसी ही शख्सियत हैं, जिनके सम्मान में पहली बार हम सभी लोग एक मंच पर एकत्रित हुए हैं।
कार्यक्रम में कई लोग थे शामिल
कार्यक्रम में प्रखंड सहकारिता प्रसार पदाधिकारी वेदप्रकाश, एमओ दीपक राय, जिला आपूर्ति कार्यालय के अमित तिवारी के अलावा सतीश कुमार, नवकुमार महतो, दिलीप महतो, नौशाद शहजादा, चंद्रशेखर उपाध्याय, सूरज कुमार सिंह, प्रताप चौधरी, मनोज कुमार, रजब अली, शशिकांत पटेल, महेश महतो, किनु महतो, रामकुमार महतो, लक्ष्मण प्रजापति, अशोक महतो, मोती प्रसाद यादव, विजय यादव, इंद्रजीत कुमार, सुलेंद्र मुंडा सहित कई लोग उपस्थित थे।





