BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

ए ला एंग्लाइज स्कूल में रंगोली प्रतियोगिता आयोजित, बुद्धा हाउस ने मारी बाजी


भुरकुंडा। दीपावली के पावन अवसर पर ए ला एंग्लाइज स्कूल में शनिवार को अंतर-सदनीय रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रशासक संजय कुमार ने फीता काटकर किया। प्रतियोगिता में विभिन्न सदनों के विद्यार्थियों ने अपनी कल्पनाशीलता, कलात्मक प्रतिभा, रचनात्मक सोच एवं टीम भावना का उत्कृष्ट परिचय देते हुए मनमोहक रंगोलियां बनाईं। रंगों के सुंदर संयोजन, आकर्षक डिजाइन तथा पारंपरिक एवं आधुनिक कलाकृतियों ने सभी का मन मोह लिया। प्रतियोगिता में निर्णायक मंडली की भूमिका विद्यालय के प्राचार्य विजयंत कुमार, सचिव डॉ गजाधर महतो प्रभाकर, केजी की प्राचार्या अंजू पटेल, उपप्राचार्य धर्मेश सोनी एवं जयकिशोर प्रसाद महतो ने निभाई। निर्णायकों ने विद्यार्थियों की कलात्मक अभिव्यक्ति, रंगों के समन्वय, स्वच्छता एवं प्रस्तुति के आधार पर प्रतिभागियों का मूल्यांकन किया। प्रतियोगिता में बुद्धा हाउस ने 225 अंकों के साथ प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं अशोका हाउस 213 अंकों के साथ द्वितीय स्थान पर रहा। जबकि नेताजी हाउस ने 208 अंक प्राप्त कर तृतीय स्थान हासिल किया। मौके पर प्राचार्य विजयंत कुमार ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान देना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों की छिपी हुई प्रतिभाओं को निखारना भी है। ऐसी गतिविधियां बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। कार्यक्रम का संचालन कार्यक्रम प्रभारी सिद्धार्थ मासूम व कंचन सोनी ने संयुक्त रूप से किया। मौके पर सूरजदेव सिंह, कंचन दास, अनुराग मद्धेशिया, गौरव कुमार साहू, सुजय कुमार, कृष्ण अम्बष्टा, विकास कुमार राणा, अजीत शर्मा, अजीत सिंहा, वैभव कुमार, अभिजीत सिंह, मंतोष कुमार गोप सहित स्कूल परिवार मौजूद था।