अनिल विश्वकर्मा
रामगढ़। पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत द्वारा शनिवार को बरलंगा थाना का वार्षिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान थाना अभिलेखों की गहनता से जांच की गई तथा पुलिस पदाधिकारियों को कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
लंबित मामलों पर सख्ती,लंबित कांडों के शीघ्र निष्पादन का निर्देश
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने थाना में लंबित कांडों की समीक्षा की। उन्होंने लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन के साथ-साथ वारंट, इश्तेहार एवं कुर्की से संबंधित मामलों में भी नियमानुसार शीघ्र कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
वारंटियों और फरार आरोपियों पर कार्रवाई
एसपी ने पुलिस पदाधिकारियों को वारंटियों एवं फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष छापामारी अभियान चलाने का निर्देश दिया। उन्होंने अपराध से जुड़े मामलों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
बैंक और एटीएम पर विशेष निगरानी
निरीक्षण के दौरान एसपी ने क्षेत्र के बैंक एवं एटीएम पर विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया। बैंकिंग संस्थानों के आसपास संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने तथा सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने पर जोर दिया गया।
अड्डाबाजी और आपराधिक गतिविधियों पर रोक के लिए सघन गश्ती
एसपी ने क्षेत्र में अड्डाबाजी एवं आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए पुलिस गश्ती बढ़ाने का निर्देश दिया। संवेदनशील एवं प्रमुख स्थानों पर नियमित निगरानी रखने तथा संदिग्ध गतिविधियों पर तत्काल कार्रवाई करने को कहा गया।
करमा पर्व को लेकर विधि-व्यवस्था पर विशेष फोकस
आगामी करमा पर्व को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने क्षेत्र में विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक तैयारियां करने का निर्देश दिया। पर्व के दौरान शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस पदाधिकारियों को सतर्क रहने और क्षेत्र में लगातार निगरानी रखने को कहा गया।




.jpeg)


