हाथी प्रभावित परिवारों के बीच मुआवजा राशि के डीडी एवं चेक का विधायक ने किया वितरण
रांची एक्सप्रेस संवाददाता
गोला। गोला वन क्षेत्र अंतर्गत हाथी प्रभावित इलाकों के लाभुकों के बीच बुधवार को मुआवजा राशि के डिमांड ड्राफ्ट एवं चेक का वितरण किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में रामगढ़ विधायक ममता देवी शामिल हुईं। इस दौरान हाथियों के कारण फसलों, मकानों एवं अन्य संपत्तियों को हुए नुकसान के एवज में प्रभावित परिवारों को नियमानुसार मुआवजा राशि उपलब्ध कराई गई। कार्यक्रम के दौरान हाथियों के उत्पात से प्रभावित ग्रामीणों को हुए नुकसान का आकलन कर नियमानुसार मुआवजा राशि प्रदान की गई। मुआवजा राशि के साथ-साथ हाथी प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा एवं बचाव के उद्देश्य से लाभुकों को लकड़ी से जलने वाले चूल्हे, फायर किट एवं सेफ्टी शू सहित अन्य आवश्यक सामग्री भी उपलब्ध कराई गई। इससे ग्रामीणों को हाथियों के संभावित खतरे के दौरान सुरक्षा उपाय अपनाने में मदद मिलेगी। इस अवसर पर विधायक ममता देवी ने कहा कि हाथियों के कारण ग्रामीणों को होने वाले जान-माल और फसलों के नुकसान के प्रति सरकार संवेदनशील है। प्रभावित परिवारों को नियमानुसार मुआवजा एवं आवश्यक सहायता उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने संबंधित विभाग से हाथी प्रभावित ग्रामीणों की समस्याओं पर गंभीरता से ध्यान देने और उन्हें नियमानुसार हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने की बात कही। साथ ही प्रभावित क्षेत्रों में ग्रामीणों की सुरक्षा को लेकर आवश्यक कदम उठाने पर जोर दिया। इस अवसर पर प्रखंड बीससूत्री उपाध्यक्ष मनोज कुमार कोटवार, मगनपुर पंचायत के उपमुखिया अकबर अंसारी सहित कई लोग उपस्थित थे।


.jpg)


